विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब मोबाइल फोन से ही रेड-ग्रीन हो सकेंगे मोहाली के ट्रैफिक सिग्नल, गमाडा ला रहा हाईटेक सिस्टम

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:00 AM (IST)

मोहाली में अब ट्रैफिक सिग्नल मोबाइल फोन से नियंत्रित होंगे, जिससे पुलिसकर्मी जरूरत के हिसाब से लाल-हरी बत्ती बदल सकेंगे। इससे वीआईपी मूवमेंट और आपातकालीन स्थितियों में यातायात प्रबंधन आसान होगा। गमाडा हाईटेक प्रणाली ला रहा है। 

पुलिसकर्मी मोबाइल फोन पर एप के जरिए नियंत्रित कर सकेंगे ट्रैफिक लाइट। (सांकेतिक फोटो)

पुलिसकर्मी मोबाइल फोन पर एप के जरिए नियंत्रित कर सकेंगे ट्रैफिक लाइट। (सांकेतिक फोटो) 

HighLights

  1. पुलिसकर्मी मोबाइल एप से ट्रैफिक सिग्नल नियंत्रित कर सकेंगे।

  2. गमाडा की ओर से चार प्रमुख चौराहों पर यह प्रणाली लगेगी।

  3. वीआईपी मूवमेंट और आपातकाल में यातायात प्रबंधन होगा आसान।

अखिल वोहरा, मोहाली। मोहाली में अब ट्रैफिक सिग्नल की लाल और हरी बत्ती सिर्फ तय समय के हिसाब से ही नहीं चलेगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर पुलिसकर्मी मोबाइल फोन पर एप के जरिए भी इन्हें नियंत्रित कर सकेंगे।

शहर को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) एक तकनीकी पहल करने जा रहा है। इसके तहत पहली बार एंड्रायड पुलिस कंट्रोल एप आधारित हाईटेक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम स्थापित करने की तैयारी की गई है। योजना के तहत चार प्रमुख चौराहों पर आधुनिक ट्रैफिक सिग्नल लगाए जाएंगे।

पुलिस के हाथों में होगा कंट्रोल

इस परियोजना का सबसे खास पहलू पुलिस के हाथ में आने वाला मोबाइल कंट्रोल होगा। अभी किसी वीआईपी मूवमेंट या विशेष प्रोटोकाल के दौरान किसी सड़क पर यातायात रोकने या किसी दूसरे मार्ग को खोलने के लिए पुलिसकर्मियों को मौके पर ट्रैफिक व्यवस्था संभालनी पड़ती है।

कई बार चौराहों पर सिग्नल के संचालन में भी बदलाव की जरूरत होती है। लेकिन नई व्यवस्था में पुलिस कंट्रोल एप के जरिए संबंधित ट्रैफिक सिग्नल को जरूरत के अनुसार रेड या ग्रीन किया जा सकेगा।

यानी पुलिसकर्मी मोबाइल के माध्यम से ही ट्रैफिक सिग्नल के संचालन में बदलाव कर सकेंगे। इससे वीआईपी काफिले के गुजरने, विशेष प्रोटोकाल और अन्य जरूरी परिस्थितियों में यातायात को नियंत्रित करना आसान हो सकता है।

चार चौराहों से होगी शुरुआत

गमाडा ने इस प्रोजेक्ट के लिए शहर के चार महत्वपूर्ण जंक्शनों को चुना है। इनमें सीपी-67-सेक्टर-78, 79, 68 और 69 का जंक्शन, सोहाना मल्टी डायरेक्शनल चौक तथा 164 फुट चौड़ी बावा व्हाइट हाउस रोड और 300 फुट चौड़ी एयरपोर्ट रोड का जंक्शन शामिल है। इन सभी स्थानों पर नए ट्रैफिक सिग्नल लगाने के साथ उन्हें नवीनतम एंड्रायड पुलिस कंट्रोल एप आधारित ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

पुलिस के लिए तकनीकी हथियार

इस योजना को सामान्य ट्रैफिक सिग्नल लगाने की परियोजना से अलग माना जा रहा है। इसमें पुलिस को तकनीक के माध्यम से यातायात संचालन में बदलाव करने की सुविधा देने का प्रावधान है।

खासकर उन परिस्थितियों में, जब किसी एक मार्ग को कुछ समय के लिए खाली रखना हो और दूसरे मार्गों से वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करनी हो, तब यह सिस्टम उपयोगी साबित हो सकता है। इससे चौराहों पर पुलिस की कार्यप्रणाली को अधिक सुविधाजनक और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

 

गमाडा द्वारा यातायात प्रबंधन को भी आधुनिक तकनीक से जोड़ने की तैयारी है। पहली बार ऐसे सिस्टम लगाए जा रहे हैं। आने वाले समय में यह प्रयोग सफल रहता है तो शहर के अन्य व्यस्त चौराहों पर भी ऐसी व्यवस्था लागू की जाएगी। -प्रीतपाल सिंह, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, गमाडा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।