न्यू चंडीगढ़ के स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज का मैच कल, जाम से बचना है तो ट्रैफिक एडवाइजरी करें पालन
मोहाली पुलिस ने मुल्लांपुर के पीसीए स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। इसमें वाहनों की ...और पढ़ें

भारत-वेस्टइंडीज मैच को लेकर मोहाली ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी जारी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
पुलिस ने पार्किंग और रूट निर्धारित किए।
अलग-अलग पार्किंग श्रेणियां तय की गईं।
सड़क किनारे वाहन न खड़े करने की अपील।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मुल्लांपुर के पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) स्टेडियम में शनिवार को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले वनडे मैच को लेकर मोहाली पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है।
मैच के दौरान स्टेडियम की ओर आने वाले वाहनों की संख्या बढ़ने के चलते पुलिस ने पार्किंग और रूट निर्धारित किए हैं। दर्शकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही इस्तेमाल करने को कहा गया है।
स्टेडियम के आसपास पार्किंग को अलग-अलग श्रेणियों में बांटा
पी-1 और पी-2 में वीवीआईपी वाहनों की पार्किंग होगी। पी-3 में मीडिया, ब्राडकास्टिंग, कारपोरेट बाक्स और दिव्यांग लोगों के वाहन खड़े किए जाएंगे। इन तीनों पार्किंग स्थलों में केवल स्टिकर लगे वाहनों को प्रवेश मिलेगा।
दर्शकों के लिए पी-4, पी-5, पी-6 और पी-7 पार्किंग निर्धारित की गई हैं। इन स्थानों पर पेड पार्किंग की सुविधा रहेगी। टैक्सी वाहनों के लिए भी इन्हीं पार्किंग स्थलों में व्यवस्था की गई है।
यह भी पढ़ें- न्यू चंडीगढ़ में पहली और अंतिम बार दिखेगी रोहित-विराट की जोड़ी, 38 हजार दर्शकों की क्षमता वाला स्टेडियम बनेगा गवाह
इन स्थानों पर रहेगा ट्रैफिक दबाव
मैच के दौरान मुल्लांपुर बैरियर, पीसीएल चौक, मार्बल मार्केट लाइट और ओमैक्स राउंडअबाउट सहित आसपास के मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ सकता है। पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए निर्धारित मार्ग से ही आवाजाही करें।
पुलिस ने लोगों से सड़क किनारे या प्रतिबंधित स्थानों पर वाहन खड़ा नहीं करने को कहा है। अधिकारियों का कहना है कि पार्किंग व्यवस्था का पालन करने से जाम की स्थिति से बचा जा सकेगा। किसी भी आपात स्थिति में लोग पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
