मोहाली में तलवार से हमला कर लूटा आईफोन, लिफ्ट के बहाने युवक को सुनसान जगह ले जाकर की वारदात
मोहाली में लिफ्ट के बहाने एक 21 वर्षीय युवक सहजप्रीत सिंह को कार सवार दो युवकों ने सुनसान जगह ले ...और पढ़ें

सुनसान जगह पर ले जाकर तलवार से हमला कर आईफोन-14 प्रो छीना। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
गुरुद्वारा साहिब जाने का झांसा दे कार में बैठाया।
सेक्टर-98 के एक सुनसान इलाके में ले गए।
युवक को गंभीर चोटें आईं, कई टांके लगे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। किसी अनजान व्यक्ति की मदद करने के बहाने दिया गया भरोसा एक 21 वर्षीय युवक को भारी पड़ गया। गुरुद्वारे में माथा टेकने जा रहे युवक को कार सवार दो युवकों ने लिफ्ट देने बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर तलवार से हमला कर आईफोन-14 प्रो छीन लिया और गूगल-पे का पासवर्ड भी पूछ लिया।
21 वर्षीय सहजप्रीत सिंह सेक्टर-71 में एक पीजी में रहता है और मोहाली में डाटा एनालिस्ट की पढ़ाई कर रहा है। शाम करीब पांच बजे वह सोहाना गुरुद्वारा साहिब जाने के लिए पैदल निकला था। इसी दौरान रास्ते में कार सवार दो युवक उसके पास आए।
उन्होंने सहजप्रीत से पूछा कि वह कहां जा रहा है। जब उसने गुरुद्वारा साहिब जाने की बात बताई तो युवकों ने उसे गुरूद्वारे तक छोड़ते हुए लिफ्ट देने की बात कही। सहजप्रीत उनकी बातों में आ गया और कार में बैठ गया।
इसके बाद आरोपित उसे गुरुद्वारे की तरफ ले जाने के बजाय सेक्टर-98 के एक सुनसान इलाके में ले गए। वहां पहुंचते ही दोनों युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सहजप्रीत ने बताया कि दोनों ने तेजधार हथियार से उस पर हमला किया।
अचानक हुए हमले से वह संभल भी नहीं पाया। हमलावरों ने उसके सीने पर वार किया, जिससे गहरी चोट आई और करीब 10 टांके लगाने पड़े। पीठ पर तलवार से हमला किया गया, जहां आठ टांके लगे। पैर पर भी तेजधार हथियार से वार किया गया, जिस पर छह टांके आए।
फोन और डिजिटल पेमेंट का पासवर्ड भी छीना
हमले के दौरान आरोपितों ने सहजप्रीत का आईफोन-14 प्रो छीन लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने उससे गूगल-पे का पासवर्ड भी पूछ लिया, ताकि डिजिटल पेमेंट के जरिये उसके खाते तक पहुंच बनाई जा सके। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपित मौके से फरार हो गए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।