मोहाली में 20 फीट चौड़े रास्ते पर विवाद, थाना प्रभारी पर कब्जे का आरोप; बोले-प्लॉट कानूनी तरीके से खरीदा
डेराबस्सी, मोहाली में 20 फीट चौड़े साझा रास्ते को लेकर विवाद गहरा गया है, जिसमें प्लॉट मालिकों ने थाना प्रभारी पर रास्ते की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है। थाना प्रभारी ने आरोपों को निराधार बताया है और प्लॉट मालिक निष्पक्ष निशानदेही की मांग कर रहे हैं।

रजिस्ट्री में दर्ज 20 फीट चौड़े रास्ते पर विवाद। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
प्लॉट मालिकों ने थाना प्रभारी पर आरोप लगाया।
थाना प्रभारी ने आरोपों को निराधार बताया।
निष्पक्ष निशानदेही और जांच की मांग उठी।
संवाद सहयोगी, डेराबस्सी (मोहाली)। डेराबस्सी में कंट्री साइड पैलेस के मुख्य गेट के सामने 15 से 20 प्लाटों को जाने वाले 20 फीट चौड़े साझा रास्ते की जमीन को लेकर विवाद गहरा गया है। प्लाट मालिकों ने डेराबस्सी थाना प्रभारी और गांव परागपुर निवासी एक व्यक्ति पर कथित मिलीभगत से रास्ते की जमीन पर कब्जा करने का आरोप लगाया है।
वहीं, थाना प्रभारी ने आरोपों को निराधार बताते हुए जमीन कानूनी तरीके से खरीदने का दावा किया है। अब विवाद के निपटारे के लिए प्लाॅट मालिकों ने जिला प्रशासन से राजस्व रिकाॅर्ड के आधार पर निष्पक्ष निशानदेही करवाने की मांग की है।
मौके पर एकत्रित हुए आदर्श नगर निवासी धर्मपाल सिंह सोढ़ी, डेरा काॅलोनी निवासी लखविंदर सिंह सहित अन्य प्लाॅट मालिकों ने अपनी रजिस्ट्रियां दिखाते हुए बताया कि उन्होंने वर्ष 2011-12 में गुलशन नामक व्यक्ति से प्लाॅट खरीदे थे।
उनकी रजिस्ट्रियों में बाकायदा 20 फीट चौड़ी गली आम दर्ज है। आरोप है कि अब रास्ते वाली जमीन पर मिट्टी डालकर चारदीवारी करने की तैयारी की जा रही है। यदि रास्ता बंद कर दिया गया तो उन्हें अपने ही प्लाटों तक पहुंचने में परेशानी होगी।
विधायक के समक्ष भी उठाया था मामला
प्लाॅट मालिकों के अनुसार इस मामले को पहले भी हलका विधायक कुलजीत सिंह रंधावा के ध्यान में लाया गया था, लेकिन कुछ दिनों बाद दोबारा निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। उन्होंने निर्माण का विरोध करने पर कथित दुर्व्यवहार करने का भी आरोप लगाया।
प्लाॅट मालिकों ने सवाल उठाया कि जब रजिस्ट्रियों में साझा रास्ता दर्ज है तो उसे किस आधार पर बंद किया जा रहा है। उन्होंने डीसी और पुलिस के उच्च अधिकारियों से बिना किसी दबाव के मामले की निष्पक्ष जांच करवाने की मांग की है।
जमीन के सभी दस्तावेज पूरे: थाना प्रभारी
डेराबस्सी थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने संबंधित प्लाट गुलशन नामक व्यक्ति से कानूनी तरीके से खरीदा है। जमीन से संबंधित सभी दस्तावेज पूरे हैं। उन्होंने दावा किया कि शिकायतकर्ता प्लाट मालिकों का रास्ता पीछे की गली से लगता है। उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से जानबूझकर निराधार आरोप लगाए जा रहे हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।