रेलवे में भर्ती के नाम पर लाखों की ठगी, 200 से 250 को दिया भरोसा; मोहाली में हरियाणा और दिल्ली के युवकों पर FIR
मोहाली में रेलवे नौकरी दिलाने के नाम पर 13 युवाओं से 40 लाख रुपये की ठगी के आरोप में दो लोगों पर केस दर्ज हुआ है। आरोपितों ने 200-250 युवाओं को नौकरी लगवाने का भरोसा दिया था।

रेलवे में भर्ती के नाम पर ठगी करने वालों के खिलाफ मोहाली में केस दर्ज। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
आरोपितों ने 13 युवकों से 40 लाख रुपये ठगे।
एक आरोपित चरखी दादरी तो दूसरा बकोली का।
फर्जी जॉइनिंग लेटर दे युवाओं को बनाया निशाना।
जागरण संवाददाता, मोहाली। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 13 युवाओं से करीब 40 लाख रुपये ठगने के आरोप में दो लोगों के खिलाफ थाना फेस-1 में केस दर्ज किया गया है।
आरोपितों ने रेलवे में अपनी पहुंच बताकर 200 से 250 युवाओं को टिकट कलेक्टर (टीसी) समेत विभिन्न पदों पर भर्ती करवाने का भरोसा दिया था। शिकायत के मुताबिक रकम लेने के बाद उन्हें फर्जी जाइनिंग लेटर सौंप दिए गए। ठगी का पता चलने पर युवाओं ने पैसे और अपने मूल दस्तावेज वापस मांगे, लेकिन आरोपितों ने कुछ भी वापस नहीं किया।
मोहाली के सेक्टर-66ए स्थित फाल्कन व्यू निवासी प्रवीण कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी विष्णु यादव के साथ पहले से जान-पहचान थी। जून 2026 में विष्णु अपने दोस्त सुमित कुमार को लेकर मोहाली आया था।
उसने सुमित के बारे में बताया कि वह रेलवे विभाग में ऊंचे पद पर तैनात है और अधिकारियों तक उसकी अच्छी पहुंच है। विष्णु ने यह भी कहा कि सुमित पहले कई युवाओं को रेलवे में नौकरी दिलवा चुका है।
13 युवाओं के दस्तावेज लेकर शुरू की प्रक्रिया
शिकायत में बताया गया कि सुमित कुमार ने रेलवे में भर्ती करवाने का भरोसा देते हुए 200 से 250 युवाओं को टीसी समेत अन्य पदों पर नौकरी दिलाने का दावा किया। इस भरोसे में आकर प्रवीण कुमार ने 13 युवाओं के दस्तावेज एकत्रित कर सुमित को सौंप दिए।
आरोप है कि प्रत्येक युवक से नौकरी मिलने के बाद पांच लाख रुपये देने की बात हुई थी। प्रवीण कुमार के अनुसार सुमित ने अलग-अलग तारीखों पर करीब 40 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद रेलवे में नियुक्ति के नाम पर युवाओं को जाइनिंग लेटर दिए गए।
बाद में पता चला कि ये पत्र फर्जी थे। नौकरी नहीं मिलने पर युवाओं ने आरोपितों से संपर्क कर रकम और अपने मूल दस्तावेज वापस मांगे, लेकिन आरोपितों ने उनकी मांग पूरी नहीं की।
डीएसपी की जांच के बाद मामला दर्ज
शिकायत की जांच डीएसपी सिटी-1 की ओर से की गई। प्रारंभिक जांच के बाद एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने हरियाणा के चरखी-दादरी जिले के गांव जावा निवासी सुमित कुमार और दिल्ली के बकोली निवासी विष्णु यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपितों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।