मोहाली में आग हुई विकराल, थाने में खड़ी जब्त की गई गाड़ियों में चिंगारी से सुलगी थी; धुएं का गुबार देख दशहत में लोग
मोहाली के फेज-7 थाने में दो दिन पहले लगी आग मंगलवार दोपहर फिर भड़क उठी, जिससे यार्ड में खड़ी जब्त ...और पढ़ें
HighLights
मोहाली फेज-7 थाने में आग दो दिन बाद फिर भड़की।
यार्ड में खड़ी कंडम गाड़ियों में लगी आग विकराल हुई।
तेज हवा और सूखी घास ने आग को तेजी से फैलाया।
लखवंत सिंह, मोहाली। फेज-7 स्थित ऑपरेशन सेल के थाने के पास जब्त की गई गाड़ियों में लगी आग शांत होने के दो दिन बाद मंगलवार दोपहर फिर सुलग उठी। आग इतनी विकराल हो गई कि कई गाड़ियां भी जलखर राख हो गई। आसपास धुएं का गुबार देखकर लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दो दिन पहले भी इसी जगह पर खड़ी गाड़ियों में पटाखों की चिंगारी गिरने से आग लग गई थी, जिसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए थे।
ये सभी गाड़ियां विभिन्न मामलों में पुलिस की ओर से जब्त की गई थीं और थाने के रिकाॅर्ड में शामिल थीं। लगातार दूसरी बार आग लगने की घटना से आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है।

जब्त की गई गाड़ियों को हटाने की मांग
इलाके की पार्षद अनुराधा आनंद ने कहा कि ऑपरेशन सेल थाने में लंबे समय से खड़ी इन जब्त की गई गाड़ियों को यहां से हटाया जाना चाहिए, ताकि आसपास के रिहायशी इलाके में रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
उन्होंने कहा कि गाड़ियों के आसपास का क्षेत्र जंगल में तब्दील हो चुका है, जहां से सांप, बिच्छू और अन्य जंगली जीव निकलकर लोगों के घरों की तरफ आते हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस जगह की सफाई करवाकर यहां खड़े वाहनों को हटाया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।