पंजाब में कॉलेज के छात्रों को बेची जा रही थी महंगी पिस्टल, मोहाली पुलिस ने दबोचे तीन सप्लायर
मोहाली पुलिस ने अवैध हथियारों की आपूर्ति करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ कर तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

आरोपितों से ग्लॉक समेत 10 पिस्टल बरामद की हैं।
HighLights
मोहाली पुलिस ने अवैध हथियार मॉड्यूल का पर्दाफाश किया।
तीन आरोपित गिरफ्तार, 10 पिस्टल और कारतूस बरामद।
हथियार कॉलेज छात्रों को ऊंचे दामों पर बेचे जा रहे थे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली पुलिस ने अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले माॅड्यूल का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक हरियाणा का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ग्लॉक समेत 10 पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपित दूरदराज के इलाकों से हथियारों की तस्करी कर उन्हें आगे बेचते थे। यह हथियार खासतौर पर काॅलेज जाने वाले युवाओं को मोटे मुनाफे पर बेचे जा रहे थे।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपितों के संपर्क में कौन-कौन लोग थे और हथियारों की सप्लाई का नेटवर्क कितने लोगों तक फैला हुआ है। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
पुलिस अब उनके पुराने आपराधिक रिकाॅर्ड की जांच के साथ अवैध हथियारों की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगाल रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि हथियार कहां से लाए जा रहे थे और इन्हें किन लोगों तक पहुंचाया जाता था।
मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस हथियारों की सप्लाई के पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे और पीछे की कड़ियों को जोड़ रही है।
तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करेगी पुलिस
इसके साथ ही इस अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। पुलिस का उद्देश्य हथियारों की तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश करना है, ताकि अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त पर रोक लगाई जा सके। पंजाब पुलिस ने कहा है कि राज्य में अवैध हथियारों की तस्करी और संगठित आपराधिक नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
