विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में सनसनीखेज वारदात का खुलासा, गर्भपात के तनाव में पड़ोसन का ढाई साल का बच्चा मार डाला; महिला गिरफ्तार

Published: Thu, 19 Nov 2026 01:19 PM (IST)

मोहाली पुलिस ने बल्लोपुर गांव में ढाई वर्षीय गुरसांझ सिंह की हत्या के आरोप में 20 वर्षीय सोनिका को गिरफ्तार ...और पढ़ें

ढाई वर्षीय गुरसांझ सिंह का फाइल फोटो और परिवार को सात्वंना देते डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।

ढाई वर्षीय गुरसांझ सिंह का फाइल फोटो और परिवार को सात्वंना देते डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।

HighLights

  1. लालडू के गांव बल्लोपुर में हुई थी वारदात।

  2. बच्चे का शव पड़ोसी की छत पर मिला था।

  3. बच्चे का शव पड़ोसी की छत पर मिला था।

मेजर अली, लालड़ू (मोहाली)। लालडू कस्बे के गांव बल्लोपुर में ढाई वर्षीय मासूम गुरसांझ सिंह की हत्या की सनसनीखेज वारदात की गुत्थी सुलझाते हुए मोहाली पुलिस ने गांव की ही रहने वाली 20 वर्षीय सोनिका को गिरफ्तार किया है। 

पुलिस जांच में सामने आया है कि सोनिका का कुछ दिन पहले गर्भपात हुआ था, जिसके बाद वह मानसिक तनाव में थी। इसी तनाव की वजह से उसने पड़ोसन के बेटे को गला घोंटकर मार डाला। पुलिस इसी परिस्थिति को वारदात की संभावित वजह मानकर जांच कर रही है।

एसएसपी वरुण शर्मा के अनुसार, आरोपित महिला ने हत्या और बाद में बच्चे के शव छत पर रखने की बात स्वीकार की है। गांव बल्लोपुर निवासी गुरविंदर सिंह का ढाई वर्षीय बेटा गुरसांझ सिंह 14 नवंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे घर के बाहर खेलते समय अचानक लापता हो गया था।

परिवार और ग्रामीणों ने बच्चे की काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। अगले दिन 15 नवंबर की सुबह पड़ोसी राजबीर सिंह के मकान की छत से बच्चे का शव बरामद हुआ।

प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आने पर लालड़ू पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। बच्चे के परिवार को सात्वंना देने डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा पहुंचे थे। उन्होंने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया था दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

सीसीटीवी फुटेज से आरोपित तक पहुंची पुलिस

एसएसपी ने बताया कि वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण जसपिंदर सिंह गिल और डीएसपी वरिंदर सिंह खोसा की निगरानी में विशेष जांच टीमें गठित की गई थीं। इनमें सीआईए स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह बाजवा, स्पेशल सेल मोहाली प्रभारी इंस्पेक्टर हरमिंदर सिंह और लालड़ू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आकाश शर्मा की टीमें शामिल थीं।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी तथा वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। विभिन्न पहलुओं से जांच करने के बाद पुलिस ने वीरवार को सोनिका को गिरफ्तार कर लिया।

जांच के दौरान पता चला कि कुछ दिन पहले सोनिका का गर्भपात हुआ था। इसके बाद से वह मानसिक परेशानी से गुजर रही थी। इसी तनाव के बीच गुस्से और आक्रोश में आकर उसने वारदात को अंजाम दिया। हालांकि, हत्या के पीछे की परिस्थितियों और वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच अभी जारी है।

चार दिन तक उलझी रही हत्या की गुत्थी

मासूम के अचानक लापता होने और अगले ही दिन पड़ोसी की छत से शव मिलने के कारण मामला रहस्य बना हुआ था। पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल यह था कि घर के बाहर खेल रहे बच्चे को कौन अपने साथ ले गया और उसका शव छत तक कैसे पहुंचा।

पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किए गए कंबल और चादर को भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तार महिला को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जा रहा है, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।