विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वार्डों के विकास कार्य में भेदभाव पर मोहाली निगम सदन में घमासान, विपक्षी पार्षदों के विरोध के बीच सभी एजेंडे पास

Published: Tue, 17 Nov 2026 01:00 PM (IST)

मोहाली नगर निगम की बैठक में विपक्षी पार्षदों ने विकास कार्यों में भेदभाव और धीमी रफ्तार पर हंगामा किया। उन्होंने ...और पढ़ें

मोहाली निगम सदन में विपक्षी पार्षदों का हंगामा।

मोहाली निगम सदन में विपक्षी पार्षदों का हंगामा।

HighLights

  1. विपक्षी पार्षदों ने विकास कार्यों में भेदभाव पर विरोध जताया।

  2. मेयर और अधिकारियों पर राजनीतिक पक्षपात का आरोप लगाया गया।

  3. हंगामे के बावजूद निगम सदन के सभी एजेंडे पास हुए।

जागरण संवाददाता, मोहाली। नगर निगम मोहाली की मंगलवार को हुई निगम सदन की बैठक में भारी हंगामा देखने को मिला। बैठक शुरू होते ही विपक्षी पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और सफाई व्यवस्था को लेकर मेयर सरबजीत सिंह समाना तथा अधिकारियों से सवाल उठाने शुरू कर दिए।

इस पर मेयर ने कहा कि फिलहाल सवाल-जवाब का समय नहीं है, बल्कि बैठक में एजेंडों पर चर्चा की जानी है। इसी बात को लेकर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध शुरू कर दिया और सदन में काफी देर तक हंगामे की स्थिति बनी रही।

कांग्रेस पार्षदों का आरोप था कि चुनाव जीतकर आए जनप्रतिनिधियों के वार्डों में उनकी मांग के मुताबिक विकास कार्य नहीं करवाए जा रहे हैं। इसके बजाय आम आदमी पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ चुके और हार गए उम्मीदवारों की अधिक सुनी जा रही है।

पार्षदों ने सवाल उठाया कि जब जनता ने उन्हें चुनकर सदन में भेजा है तो उनके वार्डों में विकास कार्यों को उनकी प्राथमिकताओं के अनुसार क्यों नहीं करवाया जा रहा। वार्ड नंबर 18 से कांग्रेस पार्षद नपिंदर सिंह रंगी ने कहा कि पार्षदों की मांग है कि उनके वार्डों में विकास कार्य निर्वाचित प्रतिनिधियों की राय और जरूरत के मुताबिक होने चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह सवाल अधिकारियों से किया गया था, लेकिन न तो अधिकारियों ने कोई संतोषजनक जवाब दिया और न ही मेयर या मौजूदा विधायक की ओर से इस पर स्थिति स्पष्ट की गई।

अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव का आरोप

कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम अधिकारियों के नाम विरोध दर्ज करवाते हुए आरोप लगाया कि विपक्षी पार्षदों के वार्डों के साथ भेदभाव किया जा रहा है। उनका कहना था कि सड़कें, सीवरेज, सफाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई काम लंबे समय से लंबित हैं।

फंड, वर्क आर्डर और जरूरी मशीनरी उपलब्ध करवाने की बार-बार मांग के बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। पार्षदों ने अधिकारियों से राजनीतिक पक्षपात छोड़कर सभी वार्डों के साथ समान व्यवहार करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विकास कार्य किसी राजनीतिक पार्टी को देखकर नहीं, बल्कि जनता की जरूरतों के आधार पर होने चाहिए। अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जानी चाहिए।

विरोध के बावजूद सभी एजेंडे पास

बैठक में विपक्षी पार्षदों के विरोध और हंगामे के बीच मेयर सरबजीत सिंह सामना और विधायक कुलवंत सिंह द्वारा सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाई और सभी एजेंडे पास कर दिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।