विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लापता ढाई वर्षीय मासूम का पड़ोसियों की छत से मिला शव, मोहाली के गांव बल्लोपुर में सनसनी

Published: Sun, 15 Nov 2026 12:42 PM (IST)

लालड़ू के बल्लोपुर गांव में शनिवार से लापता ढाई वर्षीय मासूम गुरसाज का शव रविवार को पड़ोसियों की छत से ...और पढ़ें

बच्चे का फाइल फोटो और परिवार को ढांढस बधाते विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।

बच्चे का फाइल फोटो और परिवार को ढांढस बधाते विधायक कुलजीत सिंह रंधावा।

HighLights

  1. ढाई वर्षीय मासूम गुरसाज का शव पड़ोसियों की छत से मिला।

  2. शनिवार दोपहर से लापता था बच्चा, परिवार कर रहा था तलाश।

  3. पुलिस और सीआईए टीमें जांच में जुटीं, गांव में भय का माहौल।

मेजर अली, लालड़ू (मोहाली)। गांव बल्लोपुर में शनिवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए ढाई वर्षीय मासूम गुरसाज का शव रविवार को पड़ोसियों के मकान की छत से मिलने पर सनसनी फैल गई।

एक दिन पहले तक जिस मासूम की सलामती के लिए परिवार और ग्रामीण तलाश में जुटे हुए थे, उसका शव घर के नजदीक मिलने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल है।

सूचना मिलते ही लालड़ू थाना पुलिस और सीआईए की टीमें मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू कर दी। घटना की गंभीरता को देखते हुए डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा भी पीड़ित परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया।

गांव बल्लोपुर निवासी गुरविंदर सिंह का ढाई वर्षीय बेटा गुरसाज शनिवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अपने घर के सामने गली में खेल रहा था। बच्चे के दादा बहादुर सिंह ने बताया कि करीब 20 मिनट बाद जब परिवार के सदस्यों ने बच्चे को देखा तो वह वहां मौजूद नहीं था।

परिवार ने पहले आसपास की गलियों और मोहल्ले में तलाश की। इसके बाद रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर भी पता किया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं मिला। काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर परिवार ने लालड़ू पुलिस थाने में लिखित शिकायत देकर उसकी तलाश करने की गुहार लगाई थी।

रविवार को पड़ोसियों के मकान की छत से मासूम गुरसाज का शव मिलने की सूचना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया। जिस बच्चे को परिवार शनिवार से तलाश रहा था, उसका शव पड़ोसियों की छत पर कैसे पहुंचा, यह पुलिस जांच का अहम विषय बन गया है।

पड़ोसियों की छत तक कैसे पहुंचा मासूम, उठे कई सवाल

मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घर के सामने गली में खेल रहा ढाई वर्षीय बच्चा आखिर पड़ोसियों के मकान की छत तक कैसे पहुंचा? वह शनिवार दोपहर से कहां था और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई?

इन सवालों को लेकर ग्रामीणों में भी चर्चा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बच्चे की मौत किसी हादसे के कारण हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक घटना है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं की जांच कर रही है।

विधायक रंधावा बोले-दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा

घटना की जानकारी मिलने के बाद डेराबस्सी के विधायक कुलजीत सिंह रंधावा गांव बल्लोपुर में पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। उन्होंने परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर गहरा दुख व्यक्त किया और इस मुश्किल घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

विधायक ने पुलिस प्रशासन को मामले की गहराई से जांच करने और घटना में शामिल पाए जाने वाले दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के सख्त निर्देश दिए। रंधावा ने कहा कि मासूम बच्चे की मौत बेहद दुखद घटना है। इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।


सीआईए और पुलिस जांच में जुटीं, गांव में भय का माहौल

मासूम का शव मिलने के बाद लालड़ू पुलिस और सीआईए की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती बच्चे के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों का पता लगाना है। घटना को लेकर ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है। लोगों के मन में यह सवाल है कि आखिर घर के बाहर खेलता मासूम अचानक कैसे लापता हुआ और उसका शव पड़ोसियों की छत पर किन परिस्थितियों में पहुंचा।

फिलहाल बच्चे की मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है। मासूम गुरसाज की मौत से परिवार गहरे सदमे में है, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।