मोहाली में दो दिन बंद रहेंगी मांस-अंडे और शराब की दुकानें; होटल-ढाबों के साथ अहातों पर भी लागू होगा आदेश
मोहाली में गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व की शोभायात्रा के मद्देनजर 2 और 3 दिसंबर को मांस, अंडे और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। जिला मजिस्ट्रेट ने यह आदेश जारी किए हैं, जोकि दुकानों, होटल और ढाबों पर समान रूप से लागू होंगे।

2 और 3 दिसंबर को शराब के साथ-साथ मांस और अंडे की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
राज्य स्तरीय शोभायात्रा को देखते हुए फैसला।
जिला मजिस्ट्रेट ने जारी किए आदेश।
2 और 3 दिसंबर को लागू होंगे आदेश।
जागरण संवाददाता, मोहाली। गुरु रविदास के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय शोभायात्रा के मद्देनजर जिले में 2 और 3 दिसंबर को मांस, अंडे और शराब की बिक्री पर प्रतिबंध रहेगा। जिला मजिस्ट्रेट आदित्य डचलवाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत इस संबंध में आदेश जारी किए हैं।
आदेशों के अनुसार, इन दोनों दिनों में जिले की सीमा के भीतर आने वाली मांस, अंडे और शराब की सभी दुकानें बंद रहेंगी। इसके साथ ही मांस-अंडे की रेहड़ियों और बूचड़खानों को भी बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। होटल, ढाबों और शराब के ठेकों के साथ बने अहातों में मांस और अंडे के व्यंजन तैयार करने, पकाने और परोसने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
2 दिसंबर को मोहाली पहुंचेगी शोभायात्रा
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि यह निषेधाज्ञा शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक मर्यादा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जारी की गई है। शोभायात्रा 2 दिसंबर को साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) जिले में प्रवेश करेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद 3 दिसंबर को अगले पड़ाव के लिए रवाना होगी।
आदेशों का सख्ती से होगा पालन
गौरतलब है कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित राज्य स्तरीय शोभायात्रा जोन-1 के तहत वाराणसी से खुरालगढ़ साहिब तक निकाली जा रही है। यह यात्रा 30 नवंबर को शुरू होकर 3 दिसंबर को संपन्न होगी। जिला मजिस्ट्रेट ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।