विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मोहाली में आईटी कंपनी के डिजिटल खजाने पर सेंधमारी, पांच पूर्व कर्मचारियों के खिला केस दर्ज

Published: Fri, 30 Oct 2026 07:24 PM (IST)

मोहाली की एक आईटी कंपनी कोडब्रू इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड के पांच पूर्व कर्मचारियों पर क्रेड ऐप का गोपनीय डेटा और ...और पढ़ें

साॅफ्टवेयर कंपनी के गोपनीय डेटा और सोर्स कोड चोरी। (सांकेतिक फोटो)

साॅफ्टवेयर कंपनी के गोपनीय डेटा और सोर्स कोड चोरी। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. मोहाली आईटी कंपनी से गोपनीय डेटा और सोर्स कोड चोरी।

  2. क्रेड ऐप का डेटा निजी ईमेल से साझा करने का आरोप।

  3. दिल्ली की एक कंपनी की भूमिका भी आ रही सामने।

जागरण संवाददाता, मोहाली। आईटी सिटी सेक्टर-83 स्थित एक साॅफ्टवेयर कंपनी के गोपनीय डेटा और सोर्स कोड को चोरी कर दूसरी कंपनी के साथ साझा करने का मामला सामने आया है। इस मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने कंपनी के पांच पूर्व कर्मचारियों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।

आरोप है कि कर्मचारियों ने कंपनी की ओर से विकसित की जा रही क्रेड एप का डेटा निजी ई-मेल के जरिए बाहर भेजा और दिल्ली की एक फाइनेंशियल सर्विसेज कंपनी को सोर्स कोड उपलब्ध करवाया।

पुलिस को दी शिकायत में चंडीगढ़ सेक्टर-52 निवासी मनोज ने बताया कि वह कोडब्रू इनोवेशन प्राइवेट लिमिटेड में हेड ऑफ अकाउंट्स के पद पर कार्यरत हैं। कंपनी ग्राहकों को छोटे ऋण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से क्रेड एप्प विकसित कर रही थी। इस प्रोजेक्ट पर अनूप शर्मा (हेड आफ आपरेशंस), अनशुल चौधरी (टेक लीड), नेताजी मोहराणा, जी. राज कुमार और प्रभात कुमार काम कर रहे थे।

शिकायतकर्ता के अनुसार, कंपनी ने कर्मचारियों को आधिकारिक ई-मेल आईडी उपलब्ध करवाई थीं, लेकिन आरोप है कि अनूप शर्मा ने एप में कंपनी की ई-मेल आईडी बदलकर अपनी निजी ई-मेल आईडी दर्ज कर दी और पूरा डेटा अपने सिस्टम में कापी कर लिया। इसके बाद कथित तौर पर सोर्स कोड दिल्ली की मनीपल्स फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड के साथ साझा किया गया।

उधार बाॅक्स' नाम से एप तैयार कर ली थी

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि उक्त कंपनी ने क्रेड एप से पहले ही 'उधार बाॅक्स' नाम से एप तैयार कर ली थी। अनशुल चौधरी पर ग्राहकों की लीड दूसरी कंपनी को देने, जबकि नेताजी मोहराणा और जी. राज कुमार पर उधार बाॅक्स एप की तकनीकी खामियां दूर करने में सहयोग करने का आरोप है। वहीं प्रभात कुमार पर 9 अक्टूबर 2026 को कंपनी का पूरा सोर्स कोड डिलीट करने का आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने अनूप शर्मा, अनशुल चौधरी, नेताजी मोहराणा, राज कुमार और प्रभात कुमार के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 66, 72 और 72ए के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच इंस्पेक्टर गुरसिमरनबीर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस के अनुसार, जांच में दिल्ली की कंपनी की भूमिका और डेटा साझा करने से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जाएगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।