विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिता आर्मी स्टेशन में माली; बेटी ने पास की NDA की परीक्षा, मोहाली का Mai Bhago AFPI बेटियों को बना रहा अफसर

By Ajay AgnihotriEdited By: Nitish Kumar Kushwaha
Published: Mon, 23 Nov 2026 05:19 PM (IST)

पंजाब की बेटियां सैन्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जिसमें मोहाली का माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

पंजाब की बेटियां लिख रही हैं सैन्य सेवाओं में सफलता की नई कहानी।

पंजाब की बेटियां लिख रही हैं सैन्य सेवाओं में सफलता की नई कहानी।

HighLights

  1. मोहाली संस्थान ने पंजाब की बेटियों को सैन्य अधिकारी बनाया

  2. एनडीए, सीडीएस, एएफकैट में छात्राओं ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया

  3. सरकार के सहयोग से बेटियों को मिल रहा सैन्य प्रशिक्षण

अजय अग्निहोत्री, मोहाली। किसी ने एनडीए की परीक्षा में देशभर में आठवां स्थान हासिल किया तो कोई भारतीय नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनकर देशसेवा के सफर पर निकल पड़ी। किसी ने वायुसेना की परीक्षा में पूरे देश में पहला स्थान पाया तो कोई सेना में अधिकारी बनने के लिए अगली चुनौती की तैयारी कर रही है।

ये पंजाब की बेटियां हैं, जिनके इरादे अब सैन्य सेवाओं में नई इबारत लिख रहे हैं। जिस सैन्य क्षेत्र को लंबे समय तक पुरुषों के वर्चस्व और उनके शौर्य से जोड़कर देखा गया, वहां बेटियां भी अपनी जगह बना रही हैं। उनके भीतर भी देश की रक्षा करने, चुनौतियों का सामना करने और नेतृत्व संभालने का वही जज्बा है।

पंजाब सरकार ने इन सपनों को उड़ान देने के लिए ऐसी व्यवस्था बनाई है, जहां बेटियों को सैन्य अधिकारी बनने के लिए पढ़ाई से लेकर शारीरिक और मानसिक प्रशिक्षण तक की सुविधाएं मिल रही हैं।

20MOR_1_20112026_855.JPG

इन बेटियों में 17 वर्षीय खुशी की कहानी कुछ खास है। ब्यास की रहने वाली खुशी के पिता विजय कुमार पठानकोट के सैन्य स्टेशन में माली हैं। सीमित आर्थिक संसाधनों वाले परिवार में पली-बढ़ी खुशी ने बचपन से ही सेना में अधिकारी बनने का सपना देखा।

सैन्य स्टेशन के आसपास सैन्यकर्मियों को देखकर उसके मन में भी वर्दी पहनने की इच्छा मजबूत होती गई। पिता ने सेना के अधिकारियों की मदद से उसका दाखिला आर्मी पब्लिक स्कूल में कराया। बाद में इंटरनेट मीडिया के माध्यम से उसे मोहाली के माई भागो आर्म्ड फोर्सेज प्रिपरेटरी इंस्टीट्यूट के बारे में जानकारी मिली।

उसने प्रवेश परीक्षा और साक्षात्कार की चुनौती पार कर यहां दाखिला लिया। अब वह एनडीए की लिखित परीक्षा पास करने के बाद एसएसबी की तैयारी कर रही है। खुशी उन बेटियों का उदाहरण है, जिनके लिए परिवार की आर्थिक स्थिति सपनों की सीमा तय नहीं कर पाई। सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे भी सैन्य नेतृत्व की राह पर आगे बढ़ सकती हैं।

सरकार ने खोला सैन्य अधिकारी बनने का रास्ता

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू बताते हैं कि पंजाब सरकार ने वर्ष 2015 में वीरांगना माई भागो के नाम पर मोहाली के सेक्टर-66 में इस संस्थान की स्थापना की थी। उद्देश्य प्रदेश की बेटियों को सैन्य सेवाओं में कमीशंड अधिकारी बनने के लिए तैयार करना है। फिलहाल यहां 115 छात्राएं प्रशिक्षण ले रही हैं।

20MOR_2_20112026_855.JPG

सरकार उनके रहने, खाने, वर्दी और प्रशिक्षण का खर्च उठाती है। स्कूल और कालेज की फीस अलग से देनी होती है। इससे किसान, सरकारी कर्मचारी और सामान्य आय वाले परिवारों की बेटियों को भी सैन्य अधिकारी बनने की तैयारी का अवसर मिल रहा है। माझा, मालवा और दोआबा के गांवों तथा शहरों से आई छात्राएं यहां एक ही लक्ष्य के साथ प्रशिक्षण ले रही हैं।

सुबह पांच बजे से शुरू होता है शौर्य का अभ्यास

इन बेटियों की दिनचर्या किसी सैन्य प्रशिक्षण केंद्र से कम नहीं। सुबह पांच बजे दौड़ और शारीरिक अभ्यास से दिन शुरू होता है। इसके बाद स्कूल या कालेज की पढ़ाई, ड्रिल, खेल, तैराकी और निशानेबाजी का प्रशिक्षण होता है। शाम को सैन्य अभ्यास और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बाद रात 11 बजे तक पढ़ाई जारी रहती है। रात 10 बजे के बाद मोबाइल फोन का इस्तेमाल बंद कर दिया जाता है।

20MOR_4_20112026_855.JPG

एनडीए विंग में 10वीं के बाद प्रवेश लेने वाली 40 छात्राएं डून इंटरनेशनल स्कूल, मोहाली से नान-मेडिकल विषयों में 11वीं और 12वीं कक्षा की पढ़ाई कर रही हैं। वहीं 75 छात्राएं ग्रेजुएट विंग में हैं। वे चंडीगढ़ के एमसीएम डीएवी कालेज से स्नातक की पढ़ाई के साथ सीडीएस और एएफकैट की तैयारी करती हैं।

लिखित परीक्षा के बाद असली कसौटी एसएसबी

सैन्य अधिकारी बनने के लिए लिखित परीक्षा पास करना पहला पड़ाव है। इसके बाद एसएसबी साक्षात्कार में नेतृत्व क्षमता, मानसिक मजबूती, निर्णय लेने की योग्यता और व्यक्तित्व की परीक्षा होती है। छात्राओं को इसके लिए जिम, इनडोर शूटिंग रेंज, खेल मैदान और बाधा प्रशिक्षण कोर्स की सुविधा दी गई है।

20MOR_6_20112026_855.JPG

इस वर्ष संस्थान की 17 छात्राओं ने एक साथ एनडीए की लिखित परीक्षा पास की है। कुल 88 छात्राओं ने एनडीए, सीडीएस और एएफकैट की लिखित परीक्षाओं में सफलता हासिल की है। चार्वी सिंगला ने एनडीए की परीक्षा में देशभर में आठवां स्थान पाया।

सहजलदीप कौर ने ऑल इंडिया रैंक-13 के साथ एनडीए में प्रवेश पाया। नौसेना में सब लेफ्टिनेंट बनीं निशा को नौसेना अकादमी में कमांडेंट सिल्वर मेडल मिला। रूपनगर की मेहकप्रीत कौर ने एएफकैट में देशभर में पहला स्थान हासिल किया, जबकि अमृतसर की कोमलप्रीत कौर ने एनडीए में ऑल इंडिया रैंक-18 प्राप्त की।

45 बेटियां पहुंचीं सैन्य अकादमियों तक

संस्थान के निदेशक मेजर जनरल जसबीर सिंह संधू, एवीएसएम (सेवानिवृत्त) के अनुसार, अब तक यहां की 68 छात्राओं का एसएसबी के माध्यम से चयन हो चुका है। इनमें से 45 सैन्य बलों की प्री-कमीशन ट्रेनिंग अकादमियों तक पहुंच चुकी हैं। वर्ष 2022 में एनडीए में महिलाओं के प्रवेश का रास्ता खुलने के बाद पंजाब सरकार ने अप्रैल 2023 में यहां अलग एनडीए विंग स्थापित किया था।

संधू के अनुसार, इस वर्ष 17 छात्राओं का एनडीए की लिखित परीक्षा में सफल होना सरकार की इस पहल का उत्साहजनक परिणाम है। उनका मानना है कि बेटियों को सही अवसर, अनुशासन और प्रशिक्षण मिले तो वे सैन्य सेवाओं में किसी से पीछे नहीं रहेंगी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।