मोहाली के कारोबारियों और लाखों कर्मचारियों के लिए अच्छी खबर, टूटी सड़कों पर नहीं झेलने पड़ेंगे झटके
मोहाली के औद्योगिक क्षेत्रों में सड़कों के सुधार के लिए 4.62 करोड़ रुपये की योजना बनाई गई है। फेज-1, 2, 3 और 7 की सड़कों पर नई तारकोल की परत बिछाई जाएगी, जिससे परिवहन और व्यापार को लाभ होगा।

मोहाली इंडस्ट्रियल एरिया में सड़कों की हालत सुधरेगी। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
4.62 करोड़ से सड़क नेटवर्क को किया जाएगा बेहतर।
फेज-1, 2, 3 और 7 की सड़कों पर नई परत बिछेगी।
भारी यातायात से प्रभावित सड़कों को मिलेगी मजबूती।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली के औद्योगिक क्षेत्रों में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों और बिजनेसमैन के लिए अच्छी खबर है। अब उन्हें खराब सड़कों की वजह से झटके और व्हीकल्स को होने वाले नुकसान से छुटकारा मिलने वाला है।
बीते दिनों निगम सदन की बैठक में इस संबंध में सप्लीमेंट एजेंडा लाया जाना था और विस्तार से चर्चा होनी थी। हालांकि, विपक्षी पार्षदों के हंगामे के बीच एजेंडा पास कर दिया गया। जल्द ही टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी।
औद्योगिक क्षेत्रों के सड़क नेटवर्क को बेहतर बनाने के लिए 4.62 करोड़ रुपये की योजना तैयार की गई है। फेज-1, फेज-2, फेज-3 और फेज-7 की विभिन्न सड़कों की री-कार्पेटिंग होगी। चार औद्योगिक फेज को एक साथ शामिल किए जाने से इसे सड़क सुधार का अहम प्रोजेक्ट माना जा रहा है।
परियोजना का उद्देश्य मौजूदा सड़क ढांचे को दुरुस्त करना और औद्योगिक इकाइयों तक पहुंचने वाले मार्गों की स्थिति सुधारना है। इन सड़कों पर दिनभर भारी क्षमता वाले ट्रक, कंटेनर, मालवाहक और व्यावसायिक वाहन चलते हैं। लगातार भारी यातायात के कारण सड़कों की ऊपरी परत पर दबाव पड़ता है और समय के साथ मरम्मत की जरूरत होती है।
विभिन्न मार्गों की री-कार्पेटिंग होगी
प्रस्तावित काम के तहत विभिन्न मार्गों की री-कार्पेटिंग की जाएगी। मौजूदा सड़क की सतह को जरूरत के अनुसार तैयार कर उस पर नई बिटुमिनस यानी तारकोल की परत बिछाई जाएगी। औद्योगिक इकाइयों के लिए परिवहन कारोबार का अहम हिस्सा है।
कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की प्रक्रिया सड़क संपर्क पर निर्भर करती है। खराब सड़कों से मालवाहक वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो सकती है और उनके रखरखाव पर अतिरिक्त खर्च आ सकता है।
यह होगा फायदा
सड़क गुणवत्ता में सुधार से उद्योगों की परिवहन व्यवस्था को मदद मिलेगी। फेज-1, 2, 3 और 7 में काम करने वाले कर्मचारियों, कारोबार से जुड़े लोगों और आपूर्ति करने वाले वाहन चालकों को रोज इन मार्गों का इस्तेमाल करना पड़ता है। इसलिए सड़क सुधार से औद्योगिक इकाइयों के साथ परिवहन और सेवा क्षेत्र को भी लाभ मिल सकता है।