माेहाली में इमिग्रेशन फ्रॉड! ऑस्ट्रेलिया का फर्जी वीजा; लाखों की ठगी, चार के खिलाफ केस दर्ज
मोहाली में एक बड़े इमिग्रेशन फ्रॉड का पर्दाफाश हुआ है, जहां ऑस्ट्रेलिया के वर्क परमिट का झांसा देकर गुरदासपुर के ...और पढ़ें

मोहाली के सीपी-67 माॅल से चल रहा था इमिग्रेशन फ्रॉड का धंधा। जांच के बाद खुली पोल।
HighLights
वीजा आ चुका है...कहकर ऐंठे लाखों रुपये।
गुरदासपुर निवासी से 5.91 लाख की ठगी।
बड़े नेटवर्क की आशंका पर जांच जारी।
जागरण संवाददाता, मोहाली। आपका वीजा आ चुका है… फ्लाइट कन्फर्म है, बस आज ही पेमेंट करनी होगी। विदेश जाने का सपना देख रहे लोगों को इसी स्क्रिप्ट से फंसाया जा रहा था। मोहाली के सीपी-67 माॅल से चल रहे एक इमिग्रेशन नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है, जिसने ऑस्ट्रेलिया के वर्क परमिट का झांसा देकर गुरदासपुर निवासी व्यक्ति से 5 लाख 91 हजार रुपये ठग लिए।
मामले का खुलासा तब हुआ जब पीड़ित को दी गई एयर टिकट एयरलाइन रिकाॅर्ड में फर्जी निकली और ऑनलाइन जांच में सामने आया कि उसके नाम पर कोई वैध ऑस्ट्रेलियन वीजा जारी ही नहीं हुआ था। अब पंजाब ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (पीबीआई) की फैक्ट शीट के आधार पर मोहाली में स्टेट पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है।
पुलिस ने सतवीर सिंह, करणदीप सिंह, अमनदीप सिंह, सिमरन कौर और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसियों को शक है कि यह केवल एक व्यक्ति से ठगी का मामला नहीं, बल्कि विदेश भेजने के नाम पर चल रहे बड़े नेटवर्क की कड़ी हो सकता है।
गारंटी के साथ वीजा का भरोसा
गुरदासपुर के गांव हसनपुर कलां निवासी साहिब सिंह अप्रैल 2025 में फेसबुक पर आस्ट्रेलिया वर्क परमिट का विज्ञापन देखकर आरोपितों के संपर्क में आया था। एक मोबाइल नंबर से बात करने वाली सिमरन कौर ने खुद को शाइन वीजा कंसल्टेंट की मैनेजर बताते हुए गारंटी के साथ वीजा दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद शिकायतकर्ता से पासपोर्ट, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज व्हाट्सएप पर मंगवाए गए।
21 मई 2025 को शिकायतकर्ता को मोहाली स्थित आफिस बुलाकर 91 हजार रुपये का चेक लिया गया और कंपनी के लेटरपैड पर लिखित गारंटी दी गई कि वीजा न लगने पर रकम वापस कर दी जाएगी। कुछ दिन बाद आरोपितों ने वीजा आ चुका है कहकर पांच लाख रुपये और मांगे। शिकायतकर्ता को माय वीवो ऐप पर ई-वीजा भी दिखाया गया।
पांच लाख रुपये का चेक लिया गया, लेकिन बाद में आरोपितों ने फोन कर कहा कि 20 लोगों का ग्रुप रुक जाएगा, इसलिए तुरंत नकद भुगतान करना होगा। दबाव में आकर शिकायतकर्ता ने 6 जून 2025 को पांच लाख रुपये नकद दे दिए।
एयरलाइन की जांच खुली पोल
इसके बाद शुरू हुआ टालमटोल का खेल शिकायतकर्ता को 15 जुलाई की फ्लाइट की टिकट दी गई, लेकिन एयरलाइन से जांच कराने पर पता चला कि टिकट केवल होल्ड पर बनाई गई थी और भुगतान न होने के कारण बाद में कैंसिल कर दी गई। पीड़ित का आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपित धमकी भरे अंदाज में बात करने लगे। बाद में फोन बंद कर दिए गए और मोहाली स्थित ऑफिस भी बंद मिला।
पीआईबी जांच में बैंक रिकाॅर्ड, चेक एंट्री, लेटरपैड पर लिखी रसीदों और शिकायतकर्ता के बयानों के आधार पर 5.91 लाख रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क ने और कितने लोगों को विदेश भेजने के नाम पर निशाना बनाया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।