मोहाली में शादी से मुकरा प्रेमी तो 19 वर्षीय युवती ने दी जान; पुलिस ने आरोपित के पिता को किया गिरफ्तार
मोहाली में शादी से मुकरने और मानसिक प्रताड़ना के बाद एक 19 वर्षीय युवती ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने ...और पढ़ें

मोहाली में युवती ने लागया फंदा। (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
मोहाली में 19 वर्षीय युवती ने की आत्महत्या।
प्रेमी और परिवार पर शादी से मुकरने का आरोप।
पुलिस ने प्रेमी के पिता को किया गिरफ्तार।
जागरण संवाददाता, मोहाली। मोहाली में प्रेम संबंध और शादी से जुड़े विवाद के बाद 19 वर्षीय युवती ने फंदा लगा लिया। जान देने से पहले युवती ने मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने प्रेमी और उसके परिवार पर शादी से मुकरने तथा मानसिक रूप से परेशान करने के आरोप लगाए।
कमरे में बेड पर रखे हिसाब-किताब के रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखे संदेश के जरिए उसने अपनी बहन को मोबाइल में वीडियो देखने का संकेत दिया था। पुलिस ने युवती के पिता की शिकायत पर प्रेमी और उसके माता-पिता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्ज किया है। युवक के पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मृतका की पहचान मानसा जिले के गांव बुर्ज भलाईके निवासी 19 वर्षीय कोमल कौर के रूप में हुई है। उसके पिता जग्गा सिंह ने बताया कि परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी काजल कौर पहले से मोहाली में काम करती थी, जबकि कोमल करीब 10 महीने पहले यहां आई थी।
वह सीपी-67 माल स्थित मैरिका कंपनी में नौकरी कर रही थी। दोनों बहनें पिछले तीन-चार महीनों से फेज-9 में किराये के कमरे में रह रही थीं। पिता ने पुलिस को बताया कि कोमल की मुलाकात कंपनी में काम करने के दौरान चंडीगढ़ के सेक्टर-37सी निवासी तुषार से हुई थी।
दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और उन्होंने शादी करने का फैसला किया। 14 जून 2026 को कोमल तुषार के घर भी गई थी। उस समय उसके माता-पिता ने शादी के लिए सहमति जताई थी, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए।
13 नवंबर को आखिरी बार हुई थी बातचीत
शिकायत के मुताबिक 13 नवंबर को कोमल ने अपनी बहन काजल को बताया था कि तुषार और उसके माता-पिता संतोष कुमार व रंजना उसे मोहाली वाॅक माॅल में मिले थे। इस दौरान उन्होंने तुषार की शादी कोमल से करवाने से इनकार कर दिया। पिता का आरोप है कि इसके बाद से कोमल काफी परेशान रहने लगी थी।
कमरे में पंखे से लटका मिला शव
14 नवंबर 2026 की रात कोमल कमरे में अकेली थी। इसी दौरान उसने छत के पंखे से चुन्नी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। कुछ समय बाद बड़ी बहन काजल कमरे में पहुंची तो कोमल का शव पंखे से लटक रहा था। उसने कैंची से चुन्नी काटकर शव नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।
मृतका की बहन काजल ने बताया कि कमरे में बेड पर रखे हिसाब-किताब के रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखा था- ‘मेरे फोन में वीडियो देखो।’ इसके बाद उसने कोमल के फिंगरप्रिंट से मोबाइल खोला तो उसमें मरने से पहले रिकाॅर्ड किया गया वीडियो मिला।
वीडियो में कोमल ने तुषार और उसके परिवार पर शादी से इनकार करने का आरोप लगाया। उसने बताया कि तुषार के परिवार को उनके रिश्ते की जानकारी करीब आठ महीने से थी और वह उनके घर भी जाती थी।
वीडियो में कोमल ने बताया कि आखिरी बार मोहाली वाॅक मॉल में तुषार के पिता से बातचीत हुई थी। उन्होंने पहले सोचकर बताने की बात कही, लेकिन बाद में उसकी बहन को फोन कर शादी से इनकार कर दिया।
वीडियो में कोमल ने आरोप लगाया कि तुषार के पिता ने उसके व्यवहार को सही नहीं बताया था। युवती ने अपनी मौत के लिए तुषार और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराते हुए अपने परिजनों से माफी मांगी और न्याय की गुहार लगाई।
मृतका के पिता जग्गा सिंह ने थाना फेज-8 में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने चंडीगढ़ निवासी तुषार, उसके पिता संतोष कुमार और मां रंजना के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
थाना फेज-8 के एसएचओ बलजिंदर सिंह के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपित युवक के पिता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
वीडियो और रजिस्टर बने जांच का अहम आधार
- रजिस्टर पर लाल अक्षरों में लिखा था- ‘मेरे फोन में वीडियो देखो’।
- बहन ने फिंगरप्रिंट से मोबाइल खोलकर वीडियो देखा।
- वीडियो में युवती ने प्रेमी और उसके माता-पिता पर शादी से मुकरने का आरोप लगाया।
- पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 के तहत केस दर्ज किया।
- मामले में प्रेमी के पिता की गिरफ्तारी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।