मोहाली में दिनदहाड़े फायरिंग, आर्किटेक्ट के घर पर चलाई गोलियां; बाइक पर फरार हुए बदमाश
मोहाली के फेज-11 में दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह के घर पर फायरिंग की। परिवार के सदस्यों की मौजूदगी में दो राउंड गोलियां चलाई गईं, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए और पुलिस जांच में जुटी है।

फेज-11 में आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह के घर पर फायरिंग। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
मोहाली के फेज-11 में आर्किटेक्ट के घर फायरिंग।
बाइक सवार दो बदमाशों ने दो राउंड गोलियां चलाईं।
पुलिस ने जांच शुरू की, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। फेज-11 में शनिवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने आर्किटेक्ट हरप्रीत सिंह के घर को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। बदमाशों ने दो राउंड गोलियां चलाईं। इनमें से एक गोली घर के अंदर रखे गद्दे में जा लगी।
घटना के समय परिवार के सदस्य घर में मौजूद थे। फायरिंग के बाद बदमाश बाइक लेकर फरार हो गए। फायरिंग की सूचना मिलने पर थाना फेज-11 के एसएचओ बलजिंदर सिंह कंग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
आसपास के इलाके में नाकाबंदी कर बाइक सवार बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके सीएफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि आर्किटेक्ट की पुरानी दुश्मनी नहीं सामने आई। न ही पहले कभी रंगदारी की धमकी के लिए काॅल आई थी। पुलिस जांच कर रही है कि आखिर फायरिंग क्यों की गई।