विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के किसानों की DIG संग मीटिंग, मांगा एक दिन का समय; कल बिना ट्रैफिक रोके झंडे लेकर जताएंगे विरोध

Published: Fri, 04 Sep 2026 08:14 PM (IST)

मोहाली-चंडीगढ़ सीमा पर किसानों का गुस्सा बढ़ रहा है, जिन्होंने शुक्रवार को मार्च निकाला और डीआईजी से मुलाकात के बाद एक दिन की मोहलत दी।

चंडीगढ़ बॉर्डर पर मार्च निकालते पंजाब के किसान।

चंडीगढ़ बॉर्डर पर मार्च निकालते पंजाब के किसान।

HighLights

  1. मोर्चे पर डटे किसानों का गुस्सा बढ़ा।

  2. चंडीगढ़ बॉर्डर पर निकाला विशाल मार्च।

  3. संघर्ष तेज करने की चेतावनी दी।

संवाद सहयोगी, मोहाली। मोहाली-चंडीगढ़ बाॅर्डर पर लगाए गए पक्के मोर्चे में किसानों का गुस्सा बढ़ता नजर आने लगा है। शुक्रवार को काफी संख्या में किसानों की ओर से निकाले गए मार्च में यह साबित हो गया कि अब किसान मांगों को लेकर सख्त होने वाले हैं।

मोर्चा स्थल की दूसरी साइड पर कुछ समय के लिए ट्रैफिक रोकना पड़ा क्योंकि किसानों का मार्च दूसरी साइड वाली सड़क पर निकाला गया।
शुक्रवार को डीआईजी नानक सिंह व उनकी टीम ने किसान नेताओं से मीटिंग कर एक दिन की मोहलत मांगी।

इसके बाद किसान नेताओं ने मीटिंग के बाद प्रशासन को एक दिन की मोहलत दे दी। यूनाइटेड किसान मोर्चा की मीटिंग की अध्यक्षता रमिंदर सिंह पटियाला, अंग्रेज सिंह भदौर और तरसेम सिंह ने की।

मीटिंग में यूनाइटेड किसान मोर्चा के भेजे गए मांग पत्र के प्रति केंद्र और पंजाब सरकारों के अपमानजनक रवैये पर कड़ा विरोध जताया गया। इसमें तय किया गया कि भविष्य में हमारा आंदोलन धीरे-धीरे आगे बढ़ाया जाएगा।

पहले कदम के तौर पर आज एक मार्च निकाला गया। शनिवार को हर किसान संगठन के कम से कम 20-20 कार्यकर्ता एयरपोर्ट रोड पर सभी चौराहों पर झंडे और मांगों के प्लेकार्ड लेकर खड़े होंगे और बिना ट्रैफिक रोके अपनी मुहिम और विरोध जताएंगे। किसान नेताओं के अनुसार सरकार ने अगर मांगों पर विचार नहीं किया तो धीरे-धीरे संघर्ष को तेज किया जाएगा।

राजेवाल ने शुगर टेस्ट करवाया

540

किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल ने मोर्चे में लगे मेडिकल कैंप में अपना शुगर टेस्ट करवाया। डाक्टरों की टीम ने जब उनका शुगर टेस्ट किया उनकी शुगर 267 आई। इस पर डाक्टरों ने उनसे पूछा कुछ खाया है तो उन्होंने कहा कि खाया है। डाॅक्टरों ने उन्हें ओआरएस का घोल पीने के लिए कहा।

मोहाली के गांव मनौली का करीब 13 साल का सहजसाहिब सिंह ट्रैक्टर के आगे बैठकर किसान मोर्चे में शामिल होने के लिए पहुंचा। हाथों में झंडा लिए ट्रैक्टर के एकदम आगे बैठे सहजसाहिब ने कहा कि वे अपने पिता के साथ मोर्चे में शामिल होने के लिए पहुंचे है।

मीटिंग में पहुंचे किसान नेता

शुक्रवार की मीटिंग में हरिंदर सिंह लखोवाल, मुकेश चंदर शर्मा, बूटा सिंह बुर्जगिल, डाॅ. सतनाम सिंह अजनाला, जंगवीर सिंह चौहान, बलदेव सिंह निहालगढ़, प्रेम सिंह भंगू, बहादर सिंह, कंवलप्रीत सिंह पन्नू, बलविंदर सिंह राजू औलख, दलवीर सिंह सिद्धूपुर, दलजिंदर सिंह शेर खान, जसकरन सिंह, जरनैल सिंह, हरभजन सिंह बुट्टर, रतन सिंह, चरणजीत सिंह, भूपिंदर सिंह औलख, नछत्तर सिंह जैतो, मनजीत सिंह धनेर, बोघ सिंह मानसा, गुरमीत सिंह भट्टीवाल, हरिंदर सिंह टिवाना और पवित्र सिंह लाली मौजूद थे।

बारिश में बिस्तर भीगे, किसान बोले-अब कुदरत ले रही इम्तिहान

KK33

चंडीगढ़ बार्डर पर मांगों को लेकर पक्का मोर्चा लगाकर बैठे किसान रह-रह कर हो रही बारिश से परेशान हैं। बारिश से जहां आम लोगों को उमस से राहत मिली वहीं, अल सुबह आई बारिश के कारण किसानों के बिस्तरे भीग गए। सुबह हल्की धूप में जब किसानों ने बिस्तर सूखने के लिए निकाले तभी अचानक फिर बारिश आ गई।

किसान बोले, अभी तक सरकार इम्तिहान ले रही थी, अब कुदरत ने भी इम्तिहान लेना शुरू कर दिया है। किसान मोर्चा स्थल पर किसानों की ओर से अब सरकार को आंखें दिखाने का सिलसिला शुरू कर दिया गया है।

शुक्रवार को बावा व्हाइट हाउस से मोहाली-चंडीगढ़ बार्डर सेक्टर-48 तक विशाल मार्च निकाला गया। इसमें काफी संख्या में किसान शामिल हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ नारे लगाए। मार्च में किसान नेता बलबीर सिंह राजेवाल, हरविंदर सिंह लखोवाल सहित कई अन्य किसान नेता शामिल हुए।