चंडीगढ़ के नजदीक मोहाली बन रहा खेल नगरी, अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों से बढ़ा रुतबा; 'रंगला पंजाब' के लिए बड़ी उपलब्धि
मोहाली अब अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बन रहा है, जिससे इसकी पहचान 'खेल नगरी' के रूप में मजबूत हो ...और पढ़ें

मोहाली के ओलिंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हाॅकी स्टेडियम में एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के खिताबी मुकाबले हुए। फोटो: संजय घिल्डियाल
HighLights
मोहाली अंतरराष्ट्रीय हॉकी, क्रिकेट, शूटिंग आयोजनों का केंद्र बना।
युवाओं को खेलों से जोड़कर 'रंगला पंजाब' में योगदान।
स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े मंच पर खेलने का अवसर।
जागरण संवाददाता, मोहाली। देश के सबसे प्लान्ड सिटी चंडीगढ़ के नजदीक मोहाली अब खेलों के बड़े केंद्र के रूप में उभर रहा है। अंतरराष्ट्रीय मुकाबले होने से मोहाली का रुतबा बढ़ा, जिससे युवाओं में भी खेलों के प्रति क्रेज बढ़ रहा है।
नशे से दूर होकर युवाओं का खेलों की तरफ ध्यान लगाया रंगला पंजाब (खुशहाल और समृद्ध पंजाब) के लिए सुखद अहसास है। मोहाली को कभी आईटी और रिहायशी शहर के रूप में पहचाना जाता था। अब यहां लगातार राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन हो रहे हैं।
हाल ही में फेज-9 स्थित ओलिंपियन बलबीर सिंह सीनियर अंतरराष्ट्रीय हाॅकी स्टेडियम में 4 और 5 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय हाॅकी मुकाबले हुए। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत समेत कई देशों की टीमों ने हिस्सा लिया। इन मुकाबलों से अंतरराष्ट्रीय हाॅकी के नक्शे पर मोहाली की पहचान मजबूत हुई है।
क्रिकेट भी शहर की खेल पहचान का अहम हिस्सा रहा है। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में आईपीएल के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबले आयोजित होते रहे हैं। इनसे दर्शकों को देश-विदेश के नामी क्रिकेटरों को देखने का अवसर मिला है।
शूटिंग में भी मोहाली अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहा है। फेज-6 स्थित शूटिंग रेंज में ऑल इंडिया इंटर यूनिवर्सिटी शूटिंग प्रतियोगिताएं हो चुकी हैं, जिनमें विभिन्न विश्वविद्यालयों के खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाई।
अलग-अलग खेलों के बड़े आयोजनों की मेजबानी से शहर में खेल गतिविधियों का दायरा बढ़ा है। इससे मोहाली की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को बड़े स्तर की प्रतियोगिताओं और खेल वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलता है।
अब जरूरत है कि आयोजनों के साथ जमीनी स्तर पर खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने पर भी ध्यान दिया जाए। इससे मोहाली प्रतियोगिताओं की मेजबानी तक सीमित न रहकर देश को बेहतरीन खिलाड़ी देने वाला केंद्र बन सकता है।
खेल आयोजनों से युवा हो रहे प्रेरित
ऐसे आयोजन युवाओं के लिए प्रेरणा का माध्यम हैं। अपने शहर में नामी खिलाड़ियों को खेलते देखकर स्थानीय बच्चों और युवाओं में भी खेलों में आगे बढ़ने की इच्छा पैदा हो सकती है।
स्कूलों और काॅलेजों के खिलाड़ियों को मुकाबले देखने का अवसर देने के साथ स्थानीय स्तर पर कोचिंग, खेल मैदान, आधुनिक उपकरण और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे मोहाली नई खेल प्रतिभाओं को तैयार करने वाले केंद्र के रूप में भी पहचान बना सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।