युवक की हत्या के शक में दोस्त की धड़ से गर्दन की अलग, मोहाली में खौफनाक वारदात करने वाले बाप-बेटा गिरफ्तार
पीर मुच्छल्ला के पास जंगल में विशाल का सिर कटा शव मिलने के मामले में हरपाल कश्यप और उसके बेटे ...और पढ़ें

पीर मुच्छल्ला के नेचर पार्क में मिला गर्दन कटा शव।
HighLights
विशाल की हत्या में हरपाल और राहुल गिरफ्तार।
बबलू की मौत का बदला लेने के लिए की गई हत्या।
खरड़ सीआईए ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर केस।
जागरण टीम, जीरकपुर (मोहाली)। पीर मुच्छल्ला के नेचर पार्क के पास जंगल में गर्दन कटा शव मिलने के मामले में हरपाल कश्यप नाम के शख्स और उसके बेटे राहुल को गिरफ्तार किया है। इनका साथ देने वाले तीसरे आरोपित मनोज की तलाश है। वारदात में इस्तेमाल दरात भी बरामद करना है।
खरड़ सीआईए के इंस्पेक्टर प्रदीप बाजवा के नेतृत्व में हुई जांच के अनुसार, करीब एक महीने पहले हरपाल के बेटे बबलू की मौत हुई थी।बबलू का शव पंचकूला के जंगल क्षेत्र में मिला था। लावारिस मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था।
बाद में हरपाल को बेटे की मौत की जानकारी मिली और उसे बबलू के दोस्त विशाल पर शक हुआ। हरपाल को शक था कि बबलू की मौत के पीछे विशाल और उसके परिवार का हाथ है। इसी रंजिश में उसने राहुल और मनोज के साथ मिलकर विशाल की हत्या की साजिश रची। आरोपितों ने दरात से विशाल का गर्दन धड़ से अलग कर दी।
उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं आरोपित
हरपाल और राहुल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के मैथरा गांव के रहने वाले हैं। दोनों पीर मुच्छल्ला के शिव नगर में किराये पर रह रहे थे। वहीं, विशाल पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसने 2017 में उत्तर प्रदेश के उन्नाव की रहने वाली रोली से प्रेम विवाह किया था। उनका करीब 10 माह का बेटा है।
छह अक्टूबर को रोली बच्चे के साथ दूध लेने घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। विशाल पत्नी और बच्चे की तलाश में निकला। वह उस ढाबे पर भी गया, जहां रोली पहले काम करती थी। उसे शक था कि पत्नी ढाबा संचालक के साथ चली गई है। वहां विशाल का विवाद भी हुआ।
विशाल के साथ मनोज गया था ढाबे पर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, तलाश के दौरान मनोज विशाल के साथ ढाबे पर गया था। जांच में वहां उसकी मौजूदगी की अहम जानकारी मिलने के बाद सीआईए ने आरोपितों की भूमिका का पता लगाया। पुलिस के मुताबिक, ढाबे से निकलने के बाद आरोपितों ने विशाल को जंगल क्षेत्र में पकड़कर उसकी हत्या की और शव पीर मुच्छल्ला के नेचर पार्क के पास फेंक दिया।
आठ अक्टूबर को पार्क के पास सिर कटा शव मिलने के बाद पुलिस ने विशाल की पहचान की और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटाई। मामले में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत केस दर्ज है।
पुलिस आरोपितों को अदालत में पेश कर रिमांड लेने और दरात बरामद करने के साथ ही साजिश तथा तीनों की भूमिका की जांच करेगी। रोली और उसके 10 माह के बेटे का अब तक पता नहीं चला है। पुलिस उनकी तलाश भी कर रही है।
