मोहाली में डकैती की साजिश रचने का आरोप साबित नहीं कर सकी पुलिस, 10 साल बाद युवक बरी
मोहाली कोर्ट ने 10 साल बाद हरजीत सिंह उर्फ सोनू को डकैती की साजिश के मामले में बरी कर दिया है। अभियोजन पक्ष आरोपित के खिलाफ आरोप साबित करने में नाकाम रहा।

डकैती की साजिश रचने के मामले में करीब 10 साल बाद युवक बरी।
HighLights
हरजीत सिंह उर्फ सोनू डकैती साजिश मामले में बरी
अभियोजन पक्ष आरोप साबित करने में रहा नाकाम
साक्ष्यों के अभाव में अदालत ने दिया लाभ
जागरण संवाददाता, मोहाली। डकैती की साजिश रचने के मामले में करीब 10 साल बाद अदालत ने हरजीत सिंह उर्फ सोनू को बरी कर दिया है। अदालत ने माना कि अभियोजन पक्ष आरोपित के खिलाफ आरोप साबित करने में नाकाम रहा।
पुलिस यह साबित नहीं कर सकी कि मौके पर एकत्र हुए आरोपित डकैती की योजना बना रहे थे या वारदात को अंजाम देने के लिए तैयारी कर रहे थे। अदालत ने साक्ष्यों के अभाव में हरजीत सिंह को संदेह का लाभ देते हुए बरी करने के आदेश दिए।
मामला 21 जुलाई 2016 का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव भागोमाजरा के पीछे एक खाली प्लाट में कुछ युवक डकैती की योजना बना रहे हैं। उनके पास हथियार होने की भी सूचना थी। मौके पर खड़ी सफेद स्विफ्ट कार की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी हुई थी। पुलिस टीम ने छापेमारी की तो चार आरोपितों को काबू कर लिया, जबकि दो युवक स्विफ्ट कार में फरार हो गए।
गिरफ्तार बलकौर सिंह की तलाशी के दौरान .32 बोर का पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। मौके से लोहे की आरी और दो बड़े पेचकस भी मिले थे। पुलिस ने इस मामले में आईपीसी की धारा 399 और 402 तथा आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया था।
डकैती की योजना बनाने के साक्ष्य नहीं मिले
सुनवाई के दौरान बचाव पक्ष ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए। दलील दी गई कि आरोपितों की बातचीत सुनने के लिए पुलिस ने किसी कर्मचारी को डिकाय के रूप में मौके पर नहीं भेजा था।
छापेमारी में किसी स्वतंत्र गवाह को भी शामिल नहीं किया गया। अभियोजन पक्ष का कोई गवाह यह स्पष्ट नहीं कर सका कि आरोपित कहां और किस तरह डकैती करने की योजना बना रहे थे।
अदालत ने फैसले में कहा कि पुलिस की कार्रवाई गुप्त सूचना पर आधारित थी, लेकिन किसी पुलिसकर्मी ने आरोपितों को आपस में डकैती की योजना बनाते हुए नहीं सुना। न ही यह साबित हुआ कि उन्होंने वारदात को अंजाम देने के लिए कोई तैयारी की थी।
केवल मौके पर लोगों के एकत्र होने और हथियार बरामद होने से आईपीसी की धारा 399 और 402 के तहत अपराध साबित नहीं होता। अदालत ने अभियोजन पक्ष के साक्ष्यों को अपर्याप्त मानते हुए हरजीत सिंह उर्फ सोनू को बरी कर दिया। साथ ही उसे सीआरपीसी की धारा 437-ए के तहत 20 हजार रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि के एक जमानती के साथ बांड भरने के निर्देश दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।