विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

खरीदने के कुछ समय बाद वाॅशिंग मशीन खराब, मोहाली में उपभोक्ता हुआ परेशान; एलजी कंपनी देगी मुआवजा

Published: Sun, 29 Nov 2026 07:44 PM (IST)

मोहाली उपभोक्ता फोरम ने एलजी इलेक्ट्रॉनिक्स इंडिया लिमिटेड को खराब वॉशिंग मशीन के लिए उपभोक्ता को 20,000 रुपये का मुआवजा देने का आदेश दिया है। 

मोहाली उपभोक्ता फोरम ने सुनाया फैसला। (सांकेतिक फोटो)

मोहाली उपभोक्ता फोरम ने सुनाया फैसला। (सांकेतिक फोटो)

HighLights

  1. तकनीशियन ने मरम्मत नहीं की।

  2. उपभोक्ता को नई मशीन खरीदनी पड़ी।

  3. मोहाली फोरम तक पहुंचा मामला।

जागरण संवाददाता, मोहाली। नामी कंपनी की वाशिंग मशीन खरीदने के कुछ समय बाद ही उसमें खराबी आ गई। उपभोक्ता ने कंपनी से शिकायत की तो तकनीशियन घर पहुंचा और मशीन खोलकर उसके अंदरूनी हिस्से में जंग लगने और पानी का रिसाव होने की बात कही।

उसने खराब हिस्सा बदलने का भरोसा दिया, लेकिन इसके बाद दोबारा मरम्मत के लिए नहीं पहुंचा। आखिरकार उपभोक्ता को दूसरी वाशिंग मशीन खरीदनी पड़ी। मामला जिला उपभोक्ता फोरम, मोहाली पहुंचा तो फोरम ने एलजी इलेक्ट्रानिक्स इंडिया लिमिटेड को सेवा में कमी का जिम्मेदार मानते हुए मुआवजा देने के आदेश दिए।

खरड़ तहसील के निवासी जतिंदर सिंह के भाई ने 27 अगस्त 2025 को 48 हजार रुपये में एलजी की वाशिंग मशीन खरीदी थी और उसे जतिंदर को उपहार में दिया था। खरीद के करीब एक महीने बाद ही मशीन निर्धारित समय से अधिक समय लेने लगी।

जुलाई 2026 में समस्या बढ़ गई और कपड़े ठीक से साफ नहीं हो रहे थे। कई बार कपड़ों पर धूल के कण भी रह जाते थे। शिकायत पर कंपनी का तकनीशियन पहुंचा, लेकिन मशीन खोलने के बाद उसे ठीक नहीं किया। परेशान होकर जतिंदर ने 2 अगस्त 2026 को 55,783 रुपये में दूसरी वाशिंग मशीन खरीद ली।

कंपनी ने कहा पूरी रकम चेक द्वारा कर दी गई वापस

सुनवाई के दौरान कंपनी ने बताया कि उसने 48 हजार रुपये की पूरी खरीद राशि शिकायतकर्ता के भाई जगदीप सिंह के नाम चेक से वापस कर दी थी और पुरानी मशीन भी घर से उठवा ली थी।

हालांकि, उपभोक्ता फोरम ने पाया कि मरम्मत के बाद मशीन सही ढंग से काम करने संबंधी उपभोक्ता के हस्ताक्षर जाब शीट पर मौजूद नहीं थे। फोरम ने स्पष्ट किया कि केवल रिफंड देने से कंपनी की बिक्री के बाद संतोषजनक सेवा देने की जिम्मेदारी समाप्त नहीं हो जाती।

फैसले में यह कहा उपभोक्ता फोरम ने

अपने फैसले में उपभोक्ता फोरम ने कंपनी को 30 दिन के भीतर 20 हजार रुपये एकमुश्त मुआवजा देने के आदेश दिए। इसमें सेवा में कमी, मानसिक परेशानी और मुकदमेबाजी का खर्च शामिल है। निर्धारित समय में भुगतान नहीं करने पर फैसले की तारीख से 9 प्रतिशत वार्षिक ब्याज भी देना होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।