'दो महीने में फ्लैट का कब्जा दो, 9 प्रतिशत ब्याज भी चुकाओ...', बिल्डर को मोहाली उपभोक्ता फोरम का आदेश
मोहाली उपभोक्ता फोरम ने गुंजन लैंड डेवलपर्स को फ्लैट खरीदार को समय पर कब्जा न देने पर दोषी ठहराया है। फोरम ने बिल्डर को दो महीने में कब्जा देने, 22.50 लाख रुपये पर 9 प्रतिशत ब्याज और 1.50 लाख रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया।

मोहाली उपभोक्ता फोरम का फैसला। (सांकेतिक फोटो)
HighLights
गुंजन लैंड डेवलपर्स के होम्स प्रोजेक्ट से जुड़ा है मामला।
22.50 लाख रुपये पर 9 प्रतिशत ब्याज चुकाने का निर्देश।
मानसिक परेशानी व कानूनी खर्च के लिए 1.50 लाख मुआवजा।
जागरण संवाददाता, मोहाली। खरड़-लांडरां हाईवे स्थित सेक्टर-115 के गुंजन लैंड डेवलपर्स (जीएलडी) के होम्स प्रोजेक्ट में फ्लैट खरीदार को समय पर कब्जा नहीं देना बिल्डर को भारी पड़ गया। मोहाली जिला उपभोक्ता फोरम ने बिल्डर को दो महीने के भीतर फ्लैट का कब्जा सौंपने का आदेश दिया है।
साथ ही जमा कराए गए 22.50 लाख रुपये पर नौ प्रतिशत सालाना ब्याज और मानसिक परेशानी व कानूनी खर्च के लिए 1.50 लाख रुपये मुआवजा देने को कहा है। कुरुक्षेत्र निवासी शिकायतकर्ता शिखा ने बताया कि उन्होंने 954 वर्ग फुट का फ्लैट नंबर 335-बी 22.50 लाख रुपये में खरीदा था।
गुंजन लैंड डेवलपर्स के प्रोपराइटर ने 21 दिसंबर 2024 को बायबैक एग्रीमेंट किया था। इसमें फ्लैट नंबर 335-बी और 335-सी की कुल कीमत 45 लाख रुपये दर्ज थी। समझौते के मुताबिक बिल्डर को दोनों फ्लैट 21 दिसंबर 2025 तक 65 लाख रुपये में वापस खरीदने थे। ऐसा नहीं होने पर कब्जा देना था।
समय सीमा बीतने के बावजूद न बिल्डर ने फ्लैट वापस खरीदे और न ही कब्जा दिया। नोटिस के बावजूद बिल्डर फोरम में पेश नहीं हुआ। इसके बाद एकतरफा सुनवाई हुई। दस्तावेजों और शपथपत्र के आधार पर फोरम ने बिल्डर को सेवाओं में कमी का दोषी माना। फोरम ने ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट सहित कब्जा सौंपने और वास्तविक कब्जा मिलने तक 21 दिसंबर 2025 से ब्याज देने का भी आदेश दिया।