मोहाली में फ्लैट का कब्जा नहीं देना बिल्डर पर पड़ा भारी, बकाया राशि अब ब्याज समेत लौटानी होगी
मोहाली में बिल्डर को फ्लैट का कब्जा न देने पर उपभोक्ता फोरम ने 17 लाख रुपये लौटाने और 1 लाख ...और पढ़ें

मोहाली जिला उपभोक्ता फोरम का फैसला। (सांकेतिक फाेटो)
HighLights
बिल्डर को 17 लाख रुपये लौटाने का आदेश।
बकाया राशि पर 9% सालाना ब्याज देना होगा।
मानसिक परेशानी के लिए 1 लाख रुपये भी देने होंगे।
जागरण संवाददाता, मोहाली। फ्लैट की पूरी कीमत लेने के बावजूद खरीदार को कब्जा नहीं देना एक बिल्डर को महंगा पड़ गया। जिला उपभोक्ता फोरम ने खरड़ स्थित एवीआर बिल्डटेक प्राइवेट लिमिटेड और उसके तीन निदेशकों को शिकायतकर्ता के बकाया 17 लाख रुपये लौटाने के आदेश दिए हैं।
इसके अलावा मानसिक परेशानी और उत्पीड़न के लिए एक लाख रुपये मुआवजा भी देना होगा। बकाया राशि पर 23 दिसंबर 2023 से नौ प्रतिशत सालाना ब्याज देना होगा। 30 दिन के भीतर भुगतान नहीं करने पर ब्याज दर 12 प्रतिशत सालाना हो जाएगी।
मामला खरड़ के सेक्टर-124 स्थित एवीआर एस्पेन होम्स, अमेजन सिटी आवासीय परियोजना का है। शिकायतकर्ता सुशील तलुजा ने 17 जून 2018 को परियोजना की पहली मंजिल पर फ्लैट नंबर खरीदने का समझौता किया था। इसकी कीमत 22 लाख रुपये तय हुई थी।
उन्होंने 21 जून 2018 को आरटीजीएस के माध्यम से पूरी रकम जमा करवा दी थी। बिल्डर ने 30 नवंबर 2018 तक फ्लैट का कब्जा देने का भरोसा दिया था। समझौते के अनुसार कब्जा मिलने तक 24 प्रतिशत सालाना की दर से 44 हजार रुपये प्रतिमाह सुनिश्चित रिटर्न देने की शर्त भी रखी गई थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, बिल्डर ने 8 मई 2021 तक 11.36 लाख रुपये रिटर्न के रूप में दिए, लेकिन इसके बाद भुगतान बंद कर दिया। इसी परियोजना में शिकायतकर्ता ने परिवार के लिए एक दूसरा फ्लैट भी खरीदा पर सहमति जता दी थी।
समझौते के बाद भी पूरी रकम नहीं लौटाई
23 दिसंबर 2023 को शिकायतकर्ता, उनके बेटे लवलीन तलुजा और बिल्डर के बीच हुए समझौते के तहत बिल्डर ने पांच लाख रुपये का भुगतान किया, लेकिन बाकी रकम नहीं लौटाई। इसके बाद शिकायतकर्ता ने उपभोक्ता फोरम का दरवाजा खटखटाया।
फोरम ने अपने फैसले में बिल्डर को 17 लाख रुपये लौटाने और एक लाख रुपये मुआवजा देने के आदेश दिए। कंपनी और उसके तीनों निदेशकों को संयुक्त रूप से भुगतान के लिए जिम्मेदार ठहराया गया है।
मोहाली में फ्लैट का कब्जा नहीं देना बिल्डर पर पड़ा भारी, बकाया राशि अब ब्याज समेत लौटानी होगी
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।