मिग-21 के साथ सेल्फी ले सकेंगे इस शहर के लोग, जानें कहां मिलेगा यह लड़ाकू विमान
शहर में जल्द लोगों को वायु सेना के हेलीकाप्टर और मिग-21 लड़ाकू विमान के साथ सेल्फी लेने का मौका मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने इन दोनों को शहर में स्थापित करने की मंजूरी दे दी है।
[चंडीगढ़, राजेश ढल्ल] शहर में जल्द लोगों को वायु सेना के हेलीकाॅप्टर और मिग-21 लड़ाकू विमान के साथ सेल्फी लेने का मौका मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने इन दोनों को शहर में स्थापित करने की मंजूरी दे दी है। यह जानकारी वायुसेना के अधिकारियों ने मेयर देवेश मोदगिल को दे दी है। विमान को सेक्टर-31 के जापानी गार्डन में स्थापित करने की योजना है। यह मेयर देवेश मोदगिल के वार्ड का ही एरिया है। जबकि हेलीकॉप्टर को स्थापित करने के लिए मेयर ने कमिश्नर को जगह तय करने के लिए वीरवार को कहा है। इससे पहले शहर में सेक्टर-10 स्थित के आर्ट कॉलेज के बाहर सेना का टैंक पहले से शोभा बढ़ा रहा है। मेयर का कार्यकाल अगले साल जनवरी माह के पहले सप्ताह में खत्म हो जाएगा। इससे पहले ही हेलीकॉप्टर और विमान को स्थापित करने का काम पूरा किया जाना है।
नगर निगम ने चंडीगढ़ वायु सेना स्टेशन विंग-12 से मिकोयान गुरेविच मिग-21 एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर की डिमांड इस साल जनवरी माह में की थी। मेयर ने इसके लिए वायुसेना के अधिकारियों के साथ बैठक की थी, ताकि शहर में इन दोनों को डिस्प्ले किया जाएगा। मेयर का कहना है कि विमान और हेलीकॉप्टर का रखरखाव वायु सेना ही करेगी, जबकि इसकी सुरक्षा की जिम्मेवारी नगर निगम की होगी।
सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है मिग-21
मेयर देवेश मोदगिल का कहना है कि मिग-21 एयरक्राफ्ट भारतीय सेना का अहम हिस्सा रहा है। यह सुपरसोनिक लड़ाकू विमान है। इससे युवा पीढ़ी को भारतीय सेना का हिस्सा बनने या जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। मिग-21 वायु सेना के गौरव और शान का अनुभव कराएगा, जोकि युवाओं के अंदर देशभक्ति की भावना पैदा करने में योगदान देगा। पेक में लगा है हेलीकॉप्टर शहर में पंजाब इंजीनिय¨रग कॉलेज (पेक) में हेलीकॉप्टर पहले ही लगा हुआ है। यह युवाओं और पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करता है। अब जापानी गार्डन में दूसरा मिग -21 लगाया जाएगा। मिग-21 सुपरसोनिक लड़ाकू जेट विमान है। इसका निर्माण सोवियत संघ के मिकोयान-गुरेविच डिजाइन ब्यूरो ने किया है। इसे बलालैका के नाम से जाना जाता था। यह रूसी संगीत वाद्य ऑलोवेक (हिन्दी : पेंसिल) की तरह दिखता था। मिग-21 की लंबाई 14.7 मीटर (48 फुट 2 इंच), पंख फैलाव 7.154 मीटर (23 फुट 6 इंच), ऊंचाई 4 मीटर (13 फुट 6 इंच), पंख क्षेत्र 23 मीटर (247.6 फुट), खाली वजन 5,846 किलोग्राम (12,880 पौंड), अधिकतम उड़ान वजन 9,800 किलोग्राम (21,600 पौंड), मूल थ्रस्ट 40.21 किलो न्यूटन (9,040 पौंड-बल), आफ्टर बर्नर के साथ थ्रस्ट 69.62 किलो न्यूटन (15,650 पौंड-बल) है।