विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेक्का समझौता और बद्र MOU बन सकते चुनौती, भारत को रखनी होगी नजर; रिटायर्ड ले. जनरल कमल डावर ने किया आगाह

Published: Fri, 13 Nov 2026 03:29 PM (IST)

रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल कमल डावर ने मेक्का संयुक्त रक्षा समझौते और बद्र एमओयू को भारत के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक घटनाक्रम ...और पढ़ें

चंडीगढ़ में चल रहे मिलिट्री लिटरेचर फेस्ट में पहुंचे रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल कमल डावर।

चंडीगढ़ में चल रहे मिलिट्री लिटरेचर फेस्ट में पहुंचे रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल कमल डावर।

HighLights

  1. मेक्का समझौता सामूहिक रक्षा प्रविधानों वाला नाटो जैसा गठबंधन।

  2. बद्र एमओयू से पाकिस्तान की रक्षा क्षमताएं बढ़ सकती हैं।

  3. तकनीकी जानकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी होगी।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। दुनिया में बदलते भू-राजनीतिक हालात और पश्चिम एशिया में जारी संघर्षों के बीच भारत को अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और रणनीतिक हितों के लिए राजनीतिक, सैन्य, तकनीकी और आर्थिक स्तर पर तैयार रहना होगा।

मेक्का रक्षा समझौते और बद्र एमओयू के कारण भारत को पाकिस्तान, तुर्किये और उनके सहयोगी देशों की बढ़ती सैन्य साझेदारी पर विशेष नजर रखनी होगी। यह बात चंडीगढ़ में चल रहे मिलिट्री लिटरेचर फेस्ट में रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल कमल डावर ने कही।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब, तुर्किये और पाकिस्तान के बीच सात अगस्त 2026 को हुआ मेक्का संयुक्त रक्षा समझौता भारत के लिए महत्वपूर्ण रणनीतिक घटनाक्रम है।

इस समझौते में सामूहिक रक्षा का प्रविधान है, जिसके तहत किसी एक सदस्य देश पर हमला अन्य सदस्य देशों पर हमला माना जाएगा। यह व्यवस्था नाटो के आर्टिकल-5 की तर्ज पर है। समझौते में खुफिया जानकारी साझा करने, आतंकवाद के खिलाफ सहयोग और सैन्य समन्वय जैसे प्रावधान भी हैं।

डावर ने सवाल उठाया कि यदि भारत और पाकिस्तान के बीच सैन्य संघर्ष होता है तो क्या सऊदी अरब पाकिस्तान के समर्थन में आएगा? उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए इस समझौते का एक अहम रणनीतिक पहलू है।

पाकिस्तान की रक्षा क्षमताएं बढ़ सकती

उन्होंने 21 अक्टूबर को कतर की राजधानी दोहा में तुर्किये, पाकिस्तान, कतर और इंडोनेशिया के बीच हुए बद्र एमओयू को भी महत्वपूर्ण बताया। उनके अनुसार, इसमें सामूहिक सैन्य सुरक्षा की बाध्यता नहीं है, लेकिन रक्षा उत्पादन, तकनीक, संयुक्त अनुसंधान और सैन्य प्रशिक्षण में सहयोग से पाकिस्तान की रक्षा क्षमताएं बढ़ सकती हैं।

उन्होंने कहा कि तुर्किये रक्षा तकनीक और सैन्य उपकरण उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभा सकता है, जबकि कतर आर्थिक सहयोग और इंडोनेशिया रक्षा उत्पादन में योगदान दे सकता है।

तकनीकी जानकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो

डावर ने भारत को आगाह किया कि इंडोनेशिया के साथ ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइलों के रक्षा सहयोग के दौरान संवेदनशील तकनीकी जानकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी रणनीतिक स्वायत्तता और बहु-संरेखण की विदेश नीति बनाए रखते हुए इन गठबंधनों के संभावित प्रभावों का आकलन करना चाहिए।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।