'संजय टंडन पहले अपना राजनीतिक कद देखें...', चंडीगढ़ सांसद मनीष तिवारी पर टिप्पणी से भड़के चंदर मुखी शर्मा
चंदर मुखी शर्मा ने संजय टंडन की मनीष तिवारी पर की गई टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने मनीष तिवारी को संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने की जिम्मेदारी दी थी, जो उनकी योग्यता का प्रमाण है।

भाजपा नेता संजय टंडन को लेकर कांग्रेस नेता चंद्रमुखी शर्मा का बयान।
HighLights
शर्मा ने टंडन की मनीष तिवारी पर टिप्पणी का विरोध किया।
मनीष तिवारी ने संयुक्त राष्ट्र में भारत का प्रतिनिधित्व किया।
टंडन को प्रधानमंत्री से तिवारी के चयन पर पूछना चाहिए।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। भाजपा के वरिष्ठ नेता संजय टंडन की ओर से सांसद मनीष तिवारी पर की गई टिप्पणी पर चंडीगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी की चुनाव प्रबंधन एवं समन्वय समिति के संयोजक चंदर मुखी शर्मा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि संजय टंडन को मनीष तिवारी पर सवाल उठाने से पहले अपना राजनीतिक कद देखना चाहिए। चंडीगढ़ की जनता ने टंडन को नकार दिया, जबकि मनीष तिवारी को चुनकर संसद में भेजा है।
चंदर मुखी शर्मा ने कहा कि मनीष तिवारी पूर्व केंद्रीय मंत्री हैं और उनकी प्रतिभा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पिछले महीने संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने के लिए मोदी सरकार ने भी उन्हें जिम्मेदारी सौंपी थी। यह उनकी योग्यता पर सरकार की मुहर है।
टंडन की ओर से तिवारी को वीकेंड सांसद बताए जाने पर शर्मा ने कहा कि उन्होंने संसद में चंडीगढ़ के मुद्दों को मजबूती से उठाया है। पंजाब कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी मिलने पर भाजपा नेताओं को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि टंडन पहले प्रधानमंत्री से पूछें कि संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखने के लिए मनीष तिवारी को क्यों चुना गया था। भारत और चंडीगढ़ की जनता तिवारी के साथ खड़ी है।