विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, हरदयाल सिंह कंबोज समेत कांग्रेस के 12 नेता BJP में शामिल

Published: Thu, 19 Nov 2026 08:06 PM (GMT+05:30)

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, जब राजपुरा के पूर्व विधायक और घोषणापत्र ...और पढ़ें

पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, हरदयाल सिंह कंबोज भाजपा में शामिल।

पंजाब कांग्रेस को बड़ा झटका, हरदयाल सिंह कंबोज भाजपा में शामिल।

HighLights

  1. हरदयाल सिंह कंबोज कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हुए

  2. उनके साथ कई कांग्रेस पदाधिकारी भी भाजपा में शामिल

  3. 2027 चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका

रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। राजपुरा से दो बार विधायक रहे और पंजाब कांग्रेस की 2027 विधानसभा चुनाव के लिए घोषणापत्र समिति के सह-अध्यक्ष हरदयाल सिंह कंबोज वीरवार को भाजपा में शामिल हो गए।

उनके साथ राजपुरा, बनूड और पटियाला क्षेत्र के कांग्रेस के करीब एक दर्जन प्रमुख पदाधिकारियों ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों की मौजूदगी में उन्हें पार्टी में शामिल कराया गया।

कंबोज 2012 और 2017 में राजपुरा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक चुने गए थे। दोनों चुनावों में पंजाब में कांग्रेस के उम्मीदवारों में उनकी जीत का अंतर दूसरा सबसे अधिक रहा था। वह 1998 से 2018 तक 20 वर्ष पटियाला ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष रहे।

इसके अलावा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सदस्य, पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव, कांग्रेस विधायक दल के मुख्य सचेतक और पंजाब वेयरहाउसिंग कारपोरेशन के चेयरमैन भी रह चुके हैं। वर्ष 2026 में कांग्रेस हाईकमान ने उन्हें 2027 विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी की घोषणापत्र समिति का सह-अध्यक्ष नियुक्त किया था।

भाजपा में शामिल होने के बाद हरदयाल सिंह कंबोज ने कहा कि पंजाब को गैंगस्टरवाद, भ्रष्टाचार, लूट और सत्ता के दुरुपयोग से बचाने के लिए उन्होंने अपनी पूरी टीम के साथ भाजपा को मजबूत करने का फैसला किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान नहीं मिलता, जबकि भाजपा में कार्यकर्ताओं को महत्व दिया जाता है। उन्होंने कहा कि वह अनुशासित टीम के रूप में काम करते हुए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को मजबूत करेंगे।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने कंबोज का स्वागत करते हुए कहा कि विधानसभा में उनके साथ काम करने का अनुभव रहा है और वह उनकी प्रशासनिक क्षमता तथा राजनीतिक समर्पण से परिचित हैं। उन्होंने कहा कि हरदयाल सिंह कंबोज जैसे अनुभवी नेता और उनकी पूरी टीम का भाजपा में शामिल होना पार्टी के लिए गर्व की बात है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कंबोज को जमीनी स्तर पर मजबूत जनाधार वाला नेता बताते हुए कहा कि उनका भाजपा में शामिल होना पंजाब में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मजबूत सरकार की चाह का संकेत है।

उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर खटकर कलां में किए वादे पूरे नहीं करने और पंजाब का कर्ज दोगुना करने का आरोप लगाया। सैनी ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में आप को एक भी सीट नहीं मिलेगी और भाजपा 2029 तक पंजाब को समृद्ध तथा नशामुक्त बनाने की गारंटी देती है।

भाजपा में शामिल होने वालों में बलदेव सिंह गडो मजरा, अमनदीप सिंह नागी, लखवीर सिंह, जगतार सिंह, मलकीत सिंह, आरती देवी, निर्भय सिंह, नवदीप सैनी, अंकुर, जय प्रताप सिंह डेजी और सरबजीत सिंह मानकपुर शामिल हैं।

इनमें मार्केट कमेटी के पूर्व चेयरमैन, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, महिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और युवा कांग्रेस के पदाधिकारी शामिल हैं।

इस अवसर पर पंजाब भाजपा प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य सतीश पूनिया, प्रदेश महासचिव अनिल सरीन, प्रदेश मीडिया प्रमुख विनीत जोशी और पटियाला जिला अध्यक्ष जसपाल सिंह भी मौजूद रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।