पंजाब अनाज घोटाले में ED की बड़ी रेड, 3 कंपनियों के ठिकानों पर छापामारी; वरिष्ठ नौकरशाहों पर कसा शिकंजा
ईडी ने पंजाब में अनाज खरीद, भंडारण और रखरखाव में कथित भ्रष्टाचार की जांच के तहत तीन कंपनियों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की है।

अनाज खरीद घोटाले में ईडी की तीन कंपनियों पर छापामारी।
HighLights
ईडी ने पंजाब में अनाज भ्रष्टाचार पर छापेमारी की
तीन कंपनियों और नौकरशाहों के ठिकानों पर तलाशी ली गई
अवैध ठेकों और काली कमाई को जमीन में निवेश की जांच
रोहित कुमार, चंडीगढ़। पंजाब में अनाज खरीद, भंडारण और रखरखाव में कथित भ्रष्टाचार की जांच कर रहे प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने तीन कंपनियों से जुड़े लोगों के आवासीय और व्यावसायिक ठिकानों पर छापामारी की है।
25 और 26 नवंबर को की गई इस कार्रवाई में ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, ग्रेमार्बल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड और शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड से जुड़े ठिकानों की तलाशी ली गई। जांच में वरिष्ठ नौकरशाहों पर निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने, ठेकों के बदले अवैध आर्थिक लाभ लेने और कथित काली कमाई को जमीन में निवेश करने के आरोपों की पड़ताल की जा रही है।
ईडी ने यह जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की ओर से भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अधिकारियों और अन्य लोगों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी के आधार पर शुरू की थी। आरोप है कि निजी कंपनियों को अनुचित लाभ पहुंचाने के बदले रिश्वत का लेनदेन हुआ।
2019-20 के पनग्रेन ठेकों की जांच
ईडी के अनुसार, जांच का एक प्रमुख हिस्सा वर्ष 2019-20 में पंजाब राज्य अनाज खरीद निगम (पनग्रेन) की ओर से ओरिगो कमोडिटीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को दिए गए ठेकों से जुड़ा है। एजेंसी वरिष्ठ नौकरशाहों की भूमिका की जांच कर रही है।
आरोप है कि कंपनी को ठेके दिलाने के बदले अवैध आर्थिक लाभ पहुंचाया गया, जिससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।
रिश्तेदार के नाम पर खरीदी एक एकड़ जमीन
जांच में कथित भ्रष्टाचार से अर्जित धन को जमीन में निवेश करने की आशंका भी सामने आई है। ईडी के मुताबिक, एक वरिष्ठ नौकरशाह के करीबी रिश्तेदार के नाम पर खरीदी गई एक एकड़ जमीन के सौदे में ग्रेमार्बल इंफ्रा प्राइवेट लिमिटेड की भूमिका की जांच की जा रही है।
एजेंसी ने पाया कि जमीन की खरीद के लिए किया गया भुगतान प्रचलित दरों के मुकाबले काफी कम था। ईडी को संदेह है कि इस सौदे में वास्तविक कीमत छिपाई गई और कथित अपराध से अर्जित धन को अचल संपत्ति में लगाया गया।
शिवालिक कंपनी में परिवार के वित्तीय हितों की जांच
ईडी शिवालिक एग्रो पॉली प्रोडक्ट्स लिमिटेड और वरिष्ठ नौकरशाह के बीच संबंधों की भी पड़ताल कर रही है। एजेंसी के अनुसार, संबंधित अधिकारी कंपनी से जुड़े लोगों के लगातार संपर्क में थे। आरोप है कि उनके परिवार के सदस्यों के माध्यम से कंपनी में वित्तीय हित भी जुड़े हुए थे।
कंपनी संबंधित अधिकारी के पंजाब सरकार के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग में कार्यकाल के दौरान पनग्रेन से कम घनत्व वाली पॉलीथीन (एलडीपीई) के कवर की आपूर्ति के ठेके हासिल करती रही। अधिकारी के कार्यकाल के बाद भी कंपनी को ठेके मिलते रहे। ईडी इन ठेकों और कंपनी को मिले कथित लाभ की जांच कर रही है।
एजेंसी की कार्रवाई का उद्देश्य वरिष्ठ अधिकारियों, निजी ठेकेदारों और रियल एस्टेट कारोबारियों के बीच कथित गठजोड़ का पता लगाना है। साथ ही अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों और परिवार के सदस्यों व सहयोगियों के नाम पर रखी गई संपत्तियों की पहचान की जा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।