मोहाली अवैध कॉलोनी केस में ED की बड़ी रेड, 1 किलो सोना व 3.16 करोड़ की FD जब्त; PWD एक्सईएन पर कसा शिकंजा
ईडी ने मोहाली के कुराली में अवैध कॉलोनियों के विकास और नियमितीकरण मामले में बड़ी कार्रवाई की है, जिसमें 1 किलो सोना और 3.16 करोड़ रुपये की एफडी/बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं।
-1795870715366_m.webp)
अवैध कॉलोनियों के मामले में डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस कंपनी पर ईडी की कार्रवाई।
HighLights
ईडी ने मोहाली की अवैध कॉलोनियों पर बड़ी कार्रवाई की
छापेमारी में 1 किलो सोना और 3.16 करोड़ रुपये फ्रीज किए
PWD इंजीनियर निमरतदीप सिंह पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप
रोहित कुमार, चंडीगढ़। मोहाली के कुराली में अवैध कॉलोनियों को विकसित करने और उन्हें नियमित करवाने के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी के जालंधर जोनल कार्यालय की टीम ने 20 नवंबर को धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मोहाली और चंडीगढ़ में आरोपितों से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की।
यह कार्रवाई ड्रीम मीडोज-1 और ड्रीम मीडोज-2 कॉलोनियों को विकसित और नियमित करवाने में कथित अनियमितताओं को लेकर की गई है। जांच में एक किलो सोने की छड़ बरामद हुई है, जिसकी मौजूदा बाजार कीमत करीब 1.23 करोड़ रुपये बताई गई है। इसके अलावा आरोपितों की करीब 3.16 करोड़ रुपये की सावधि जमा (एफडी) और बैंक खातों में जमा राशि को फ्रीज किया गया है।
ईडी ने यह जांच पंजाब विजिलेंस ब्यूरो, मोहाली में दर्ज दो एफआइआर के आधार पर शुरू की थी। इनमें आरोप लगाया गया था कि डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशक दविंदर सिंह संधू ने पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता निमरतदीप सिंह, सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों के साथ मिलीभगत करके कुराली स्थित ड्रीम मीडोज-1 और ड्रीम मीडोज-2 कॉलोनियों को विकसित किया और उन्हें नियमित करवाया।
जांच में सामने आया है कि डब्ल्यूडब्ल्यूआईसीएस एस्टेट्स प्राइवेट लिमिटेड ने शुरुआत में दोनों कॉलोनियों को एक ही परियोजना के रूप में तैयार करने की योजना बनाई थी। हालांकि, सरकारी फीस से बचने के लिए इन्हें जानबूझकर दो अलग-अलग कॉलोनियों के रूप में दर्शाया गया। इससे कंपनी ने निर्धारित सरकारी फीस कम जमा करवाई और सरकारी खजाने को नुकसान पहुंचाया।
ईडी के अनुसार, इन कॉलोनियों के लिए अलग-अलग विक्रेताओं से जमीन खरीदी गई थी। जमीन से संबंधित सहमति पत्रों में कथित तौर पर जालसाजी की गई और इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर विकास प्राधिकरणों से कॉलोनियों को नियमित करवाने के प्रमाणपत्र हासिल किए गए।
निमरतदीप और परिवार की 35.58 करोड़ की अतिरिक्त खर्च की जांच
दूसरी एफआइआर में निमरतदीप सिंह पर अपने परिवार के सदस्यों और अन्य सहयोगियों के माध्यम से आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोप हैं। यह मामला एक अप्रैल 2004 से 10 दिसंबर 2020 तक की जांच अवधि से संबंधित है।
जांच में निमरतदीप सिंह और उनके परिवार के सदस्यों का करीब 35.58 करोड़ रुपये का अतिरिक्त खर्च सामने आया है। यह उनकी कुल ज्ञात वैध आय से करीब 1.73 गुना अधिक बताया गया है।
ईडी की जांच में यह भी सामने आया है कि निमरतदीप सिंह, जो लोक निर्माण विभाग (बीएंडआर) में कार्यकारी अभियंता हैं, ने कथित तौर पर अपने नाम के अलावा परिवार के सदस्यों और संबंधित संस्थाओं के नाम पर भी कई अचल संपत्तियां बनाई हैं।
छापेमारी के दौरान ईडी ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण जब्त किए हैं। इनकी जांच की जा रही है, ताकि मामले में अपराध से अर्जित संपत्ति (प्रोसीड्स ऑफ क्राइम) की वास्तविक राशि का पता लगाया जा सके। ईडी ने कहा है कि मामले में आगे की जांच जारी है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।