विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'कोर्ट की परवाह नहीं, जानबूझकर मुकदमे से बच रही...', PM मोदी का भ्रामक वीडयो मामले में लेखिका को जज की फटकार

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Sun, 22 Nov 2026 07:00 AM (IST)

प्रधानमंत्री मोदी से संबंधित भ्रामक वीडियो मामले में लेखिका मधु पूर्णिमा किश्वर अदालत में पेश नहीं हुईं, जिस पर कोर्ट ने कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी दी है कि अगली सुनवाई पर भी पेश न होने पर गैर जमानती वारंट जारी किए जाएंगे।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संबंधित भ्रामक वीडियो मामले में लेखिका मधु पूर्णिमा किश्वर की मुश्किलें बढ़ी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संबंधित भ्रामक वीडियो मामले में लेखिका मधु पूर्णिमा किश्वर की मुश्किलें बढ़ी।

HighLights

  1. जमानती वारंट के बावजूद पेश नहीं हुईं मधु पूर्णिमा किश्वर।

  2. अदालत ने फटकार लगाई, जमानती वारंट फिर जारी किए।

  3. अगली पेशी पर गैर-जमानती वारंट जारी करने की चेतावनी।

रवि अटवाल, चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संबंधित भ्रामक और आपत्तिजनक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा करने के मामले में मशहूर लेखिका व शिक्षाविद मधु पूर्णिमा किश्वर बुरी तरह फंस गई हैं। अदालत ने इस मामले में पेश न होने पर उन्हें कड़ी फटकार लगाई।

एडिशनल चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट सोनाली सिंह ने अपने फैसले में कहा कि इन्हें अदालत की कोई परवाह नहीं है। इनके बर्ताव से ऐसा लग रहा है कि वह जानबूझकर मुकदमे से बचने का प्रयास कर रही हैं।

19 नवंबर को हुई सुनवाई में भी मधु गैरहाजिर थीं, हालांकि उनके वकील ने मेडिकल आधार पर पेशी से छूट की मांग की थी। इस अर्जी को जज ने खारिज कर दिया और दोबारा से उनके जमानती वारंट जारी कर दिए।

अदालत ने यह भी स्पष्ट किया कि अगली तारीख पर भी वह पेश नहीं हुईं तो उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिए जाएंगे। अब मामले की सुनवाई दो दिसंबर को होगी।

मधु ने दिया बीमारी का हवाला

अदालत में दाखिल अर्जी में मधु किश्वर के वकील ने कहा कि उनकी उम्र 75 वर्ष है। उनकी कई सर्जरी हो चुकी हैं और अभी भी उनकी मेडिकल कंडिशन ठीक नहीं है।

वकील ने कहा कि पिछली तारीख पर वह अदालत में पेश होने के लिए चंडीगढ़ आई थीं, लेकिन अचानक बीमार होने के कारण वह कोर्ट से वापस चली गई थीं। इस पर जज ने कहा कि अगर उनकी मंशा सही होती तो वह कोर्ट में हाजिरी लगाकर पेशी से छूट मांगती, लेकिन उन्होंने ऐसा करना उचित नहीं समझा।

यह भी पढ़ें- PM का भ्रामक वीडियो विवाद! लेखिका मधु किश्वर पर गिरफ्तारी की तलवार, बार-बार समन के बाद भी नहीं हुई पेश

यह है मामला

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 थाने में 19 अप्रैल को उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर की गई थी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से संबंधित एक कथित भ्रामक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर साझा की थी। आरोप है कि वीडियो के साथ आपत्तिजनक टिप्पणियां और गलत पहचान से जुड़े दावे प्रसारित किए गए।

मामले में मधु पूर्णिमा किश्वर समेत कुछ अन्य लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। हैदराबाद निवासी एक शख्स को तो चंडीगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार भी किया था, जिसे हाल ही में जमानत मिली है।

वहीं, जांच में पता चला था कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री नहीं, बल्कि एक ट्रैवल व्लाॅगर बताया गया था। आरोप के मुताबिक वीडियो को इंटरनेट मीडिया पर साझा किया और जानबूझकर उसे प्रधानमंत्री से जोड़ा गया।

कौन है मधु पूर्णिमा किश्वर?

मधु पूर्णिमा किश्वर लेखिका, शिक्षाविद, पत्रकार और महिला अधिकारों की कार्यकर्ता हैं। वह 1978 में शुरू हुई महिला एवं समाज से संबंधित एक पत्रिका की संस्थापक संपादक हैं। उन्होंने दिल्ली स्थित सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ डेवलपिंग सोसायटीज (सीएसडीएस) में प्रोफेसर और इंडिक स्टडीज प्रोजेक्ट की निदेशक के रूप में काम कर चुकी हैं।

वह भारतीय सामाजिक, राजनीतिक और कानूनी मुद्दों पर कई किताबें और लेख लिख चुकी हैं। उनकी प्रमुख पुस्तकों में गांधी एंड विमेन, आफ द बीटन ट्रैक शामिल हैं। वह महिला अधिकारों, सामाजिक सुधार, भारतीय संस्कृति और राजनीतिक मुद्दों पर अपनी टिप्पणियों के लिए भी चर्चित रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।