विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'मैड संधू समेत दो इन्फ्लुएंसर की पंजाब में करनी है हत्या', 8 महीने पहले शूटरों ने मोहाली पुलिस के सामने खोला था राज

Published: Mon, 05 Oct 2026 12:37 PM (IST)

मैड संधू की हत्या के बाद खुलासा हुआ है कि वह और एक अन्य इन्फ्लुएंसर आठ महीने पहले से ही ...और पढ़ें

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा।

पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा।

HighLights

  1. मैड संधू और एक अन्य इन्फ्लुएंसर थे गोल्डी ढिल्लों के निशाने पर।

  2. आठ महीने पहले मोहाली पुलिस को शूटरों ने दी थी जानकारी।

  3. पुलिस अब पुराने इनपुट के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

संदीप खत्री, मोहाली। पंजाबी इन्फ्लुएंसर मैड संधू की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। मैड संधू और एक अन्य पंजाबी इन्फ्लुएंसर कई महीने से गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के निशाने पर थे। इसकी जानकारी करीब 8 महीने पहले ही मोहाली पुलिस की पूछताछ में सामने आ गई थी।

उस समय मोहाली पुलिस ने गोल्डी ढिल्लों से जुड़े दो शूटरों को पकड़ा था। पूछताछ में शूटरों ने बताया था कि पंजाब में दो इन्फ्लुएंसर्स की हत्या की साजिश रची जा रही थी। सूत्रों की मानें तो शूटरों ने पुलिस को बताया था कि मैड संधू और दूसरे इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाने की जिम्मेदारी गोल्डी ढिल्लों के इशारे पर तय की गई थी।

शनिवार को अमृतसर में मैड संधू को मारी गोलियां

शनिवार को अमृतसर में मैड संधू की गोलियां मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की जिम्मेदारी गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों ने ली है। उसकी एक रिकाॅर्डिंग भी सामने आई है, जिसकी पुलिस स्तर पर जांच की जा रही है। ऐसे में करीब 8 महीने पहले मोहाली पुलिस की पूछताछ में सामने आया इनपुट अब इस हत्याकांड की जांच में अहम कड़ी बन गया है।

यह भी पढ़ें- ‘बिग बॉस’ में एंट्री से पहले ही कर दी इंफ्लूएंसर की हत्या, मैड संधू हत्याकांड में बड़ा खुलासा

उठने लगे सवाल, पुलिस जोड़ रही कड़ी

सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब करीब आठ महीने पहले ही दो इन्फ्लुएंसर को निशाना बनाए जाने की जानकारी पुलिस के सामने आ गई थी तो क्या इसकी जानकारी मैड संधू और दूसरे इन्फ्लुएंसर को दी गई थी?

उनकी सुरक्षा को लेकर क्या कदम उठाए गए? क्या पुलिस के पास दोनों को खतरे से जुड़ा कोई इनपुट था और अगर था तो उस पर क्या कार्रवाई हुई?

इन सवालों के जवाब अब जांच में सामने आने बाकी हैं। मैड संधू की हत्या के बाद पुलिस पुराने इनपुट के आधार पर भी जांच आगे बढ़ा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आठ महीने पहले पकड़े गए शूटरों की ओर से दी गई जानकारी और शनिवार को हुई हत्या के बीच क्या सीधा संबंध है।