Chandigarh Coronavirus Update: हॉटस्पॉट बापूधाम कॉलोनी में शुक्रवार सुबह कोरोना के चार नए मामले, एक्टिव केसों की संख्या 100 हुई
Coronavirus Chandigarh Update बापूधाम में अब तक 220 पॉजिटिव केस हो गए हैं। शहर में इस समय कोरोना के एक्टिव केस 100 हो चुके हैं।
चंडीगढ़, [विशाल पाठक]। शहर के हॉटस्पॉट बापूधाम कॉलोनी में शुक्रवार सुबह चार नए कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। नए मरीजों में 37 साल की महिला, 30 साल की महिला, 31 साल की महिला और 18 साल का युवक शामिल है। इसी के साथ बापूधाम में अब तक 220 पॉजिटिव केस हो गए हैं। शहर में इस समय कोरोना के एक्टिव केस 100 हो चुके हैं, जबकि कुल केसों की संख्या 293 तक जा पहुंची है।
उत्तर भारत में कोरोना घातक होता जा रहा है। अभी तक पूरे देश में महाराष्ट्र और दिल्ली में कोरोना का इन्फेक्शन रेट सबसे ज्यादा था। अब उत्तर भारत के जम्मू और कश्मीर, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोरोना का इन्फेक्शन रेट सबसे ज्यादा है। यह खुलासा स्वास्थ्य मंत्रलय कोविड-2019 ट्रैकर की रिपोर्ट में हुआ है। महाराष्ट्र और दिल्ली से ज्यादा अब उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हरियाणा और चंडीगढ़ में कोरोना का इन्फेक्शन रेट सर्वाधिक है।
सर्वे में उन्हीं राज्यों को शामिल किया है। जहां 150 से अधिक कोरोना पॉजिटिव पेशेंट पाए गए हैं। हर राज्य में एक लाख की आबादी पर कितने कोरोना पॉजिटिव पेशेंट आ रहे हैं। इस पर इन्फेक्शन रेट का आकलन किया गया है। अब देश में सर्वाधिक जम्मू और कश्मीर में कोरोना वायरस फैलने के संक्रमण की दर 1.46 बताई गई है। जबकि हरियाणा में कोरोना वायरस के संक्रमण फैलने की दर 1.45 और चंडीगढ़ में 1.28 है।
पंजाब के अलावा महाराष्ट्र और दिल्ली में खतरा हो रहा कम
महाराष्ट्र में अब कोरोना संक्रमण की दर 0.96 और दिल्ली में 1.07 है। जोकि एक मई को सर्वाधिक 1.55 थी। एक मई को दिल्ली में कोरोना इन्फेक्शन रेट 1.53 था। वहीं, पंजाब में कोरोना संक्रमण की दर 0.80 है।