कृषि कानूनों का विरोध कर रहे अकाली कार्यकर्ताओं पर चंडीगढ़ सीमा पर लाठीचार्ज से गरमाई सियासत
कृषि कानूनों के विरोध में चंडीगढ़ में प्रवेश कर रहे अकाली कार्यकर्ताओं को पुलिस ने सीमा पर ही रोक दिया। पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को हिरासत में लिया तो कार्यकर्ता भड़क गए। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया।
जेएनएन, चंडीगढ़। नए कृषि कानूनों के विरोध में अकाली दल द्वारा पंजाब में स्थित तीन तख्तों से वीरवार सुबह शुरू किए गए किसान मार्च को चंडीगढ़ पुलिस ने पंजाब-चंडीगढ़ सीमा पर रोक लिया। चंडीगढ़ पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल को हिरासत में ले लिया। वह चंडीगढ़ में प्रवेश न मिलने के कारण जीरकपुर सीमा पर धरना दे रही थीं। उन्हें हिरासत में लिए जाने पर अकाली कार्यकर्ता भड़क गए और उन्होंने बैरिकेड तोड़ने की की। जिसके बाद पुलिस ने उन पर हलका लाठीचार्ज कर दिया।
हरसिमरत के अलावा यूथ अकाली दल के प्रधान परमबंस सिंह रोमाणा को भी पुलिस ने हिरासत में लिया। देर रात तक चंडीगढ़-जीरकपुर सीमा और चंडीगढ़-मुल्लांपुर सीमा पर स्थिति तनावपूर्ण बनी रही। अब लाठीचार्ज से पंजाब की सियासत गरमा गई है।
चंडीगढ़ बार्डर पर जत्थे के साथ पहुंची पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल। जागरण
हरसिमरत कौर बादल तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो से किसान मार्च का नेतृत्व करते हुए वीरवार रात करीब 8.45 बजे जीरकपुर-चंडीगढ़ सीमा पर पहुंची थीं। पुलिस द्वारा रोके जाने के कारण पूर्व केंद्रीय मंत्री ने वहीं पर धरना लगा दिया। वहीं, दूसरी तरफ श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से किसान मार्च लेकर आ रहे अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल को चंडीगढ़ पुलिस ने मुल्लांपुर में बैरिकेड लगाकर रोक दिया है।
गौरतलब है कि अकाली दल ने वीरवार को कृषि कानूनों के खिलाफ राज्यपाल को मांग पत्र देने के लिए तीन तख्तों से तीन अलग अलग किसान मार्च निकाले। तख्त श्री दमदमा साहिब तलवंडी साबो से निकले मार्च का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री हरसिमरत कौर बादल, श्री अकाल तख्त साहिब अमृतसर से निकले मार्च का नेतृत्व सुखबीर सिंह बादल और तख्त श्री केसगढ़ साहिब, आनंदपुर साहिब से निकले मार्च का नेतृत्व प्रो. प्रेम ङ्क्षसह चंदूमाजरा ने किया। किसान मार्च को शाम पांच बजे तक चंडीगढ़ पहुंचना था, लेकिन रास्ते में अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने जगह पर मार्च का स्वागत किया। जिस कारण मार्च देर रात 8.45 बजे चंडीगढ़ सीमा पर पहुंचा।