लाला जी का लाहौर से चंडीगढ़ तक का 60 वर्षों का सफर...लाइब्रेरी संजोए हुए है विरासत; मनाया जाएगा जश्न
लाला लाजपत राय द्वारा लाहौर में स्थापित द्वारका दास लाइब्रेरी चंडीगढ़ में अपने 60 वर्ष पूरे होने का जश्न मना रही है। यह लाइब्रेरी विभाजन के बाद कई पड़ावों से गुजरकर चंडीगढ़ पहुंची और आज भी दुर्लभ पुस्तकों व लाला जी की विरासत को संजोए हुए है।

सेक्टर-15 स्थित लाजपत राय भवन की द्वारका दास लाइब्रेरी।
HighLights
लाहौर से चंडीगढ़ पहुंची द्वारका दास लाइब्रेरी मना रही 60 वर्ष।
दुर्लभ पुस्तकें, दस्तावेज और लाला जी की वस्तुएं सुरक्षित हैं।
29 अगस्त को जश्न में काॅन्फ्रेंस और अवार्ड सेरेमनी होगी।
एकता श्रेष्ठ, चंडीगढ़। जरा सोचिए, अगर पुस्तकें बोल पाती तो वे बंटवारे का दर्द, लाहौर की गलियों की यादें और चंडीगढ़ में नई शुरुआत की पूरी कहानी सुना देती। यहां बात हो रही है उन पुस्तकों की जो सेक्टर-15 स्थित लाजपत राय भवन की द्वारका दास लाइब्रेरी में है। जो एक ऐसी विरासत है, जिसने विभाजन के बाद लाहौर से चंडीगढ़ तक का सफर तय किया।
दरअसल लाला लाजपत राय द्वारा लाहौर में बनाई गई यह लाइब्रेरी आज भी चंडीगढ़ में विरासत को संजोए हुए है। यहां कई दुर्लभ पुस्तकें, दस्तावेज से लेकर लाला लाजपत राय के कपड़े भी सुरक्षित है और उस दौर की यादों को अहसास करवाते है। अब यह ऐतिहासिक लाइब्रेरी लाहौर से चंडीगढ़ तक के अपने 60 वर्षों के सफर का जश्न मनाने की तैयारी कर रही है।
इसके तहत 29 अगस्त को सुबह से लेकर शाम तक कार्यक्रम होगा। इस मौके पर हमने जाना कि किस तरह से जश्न के इस खास पल को यादगार बनाया जाएगा। क्या- क्या गतिविधियां इस दौरान आयोजित होंगी। साथ ही यह भी जाना कि किस तरह से इस लाइब्रेरी ने इतने पड़ाव को पार करते हुए खुद को अब तक रखा है बरकरार।
इतिहास और विरासत का महत्व बताना है
लाइब्रेरियन अलका ने बताया कि वैसे तो 28 अगस्त को लाइब्रेरी को 60 वर्ष हो जाएंगे। लेकिन जश्न हम 29 अगस्त को मनाएंगे। हमारा प्रयास यही है कि जश्न के साथ-साथ लोगों को आजादी, इतिहास, विरासत से जुड़ी इस लाइब्रेरी के महत्व के बारे में बताया जाए। इसके अलावा यह भी बताया जाए कि किस तरह से फ्रीडम फाइटर्स और इस लाइब्रेरी का कनेक्शन है। एक तरह से यह लाइब्रेरी अपने आप में बहुत यादें समेटे हुए है। जो इसे और भी खास बना देती है।
काॅन्फ्रेंस से लेकर होगी अवाॅर्ड सेरेमनी
- काॅन्फ्रेंस-इसमें लाइब्रेरी के पुराने सदस्य को बुलाया जाएगा। इस दौरान सभी अपने अनुभव साझा करेंगे। इसमें शहर की अन्य लाइब्रेरी से भी कुछ सदस्यों को बुलाया जाएगा। साथ ही वह स्टूडेंट्स भी इसमें शामिल होंगे जो लाइब्रेरी साइंस से जुड़े हुए है।
- अवाॅर्ड सेरेमनी- शहर के कुछ महान शख्सियत को सम्मानित भी किया जाएगा।
- अपडेट-लाइब्रेरी की ओर से यह भी फैसला लिया गया है कि जल्द ही हाल में एसी लगाए जाएंगे। फर्नीचर भी बदला जाएगा। यह सब इसलिए ताकि पढ़ने वालों को बेहतर सुविधा दी जा सके।
दोस्त का नाम था द्वारका दास
- लाला लाजपत राय ने द्वारका दास लाइब्रेरी को वर्ष 1920 में बनाया।
- इसका नाम उन्होंने अपने दोस्त के नाम रखा। ऐसा इसलिए क्योंकि लाइब्रेरी बनाने के दौरान इन्होंने पाया कि उनसे ज्यादा कलेक्शन दोस्त द्वारका दास के पास है और दोस्त ने वही 5000 पुस्तकों की कलेक्शन लाइब्रेरी को दी।
- इसके बाद लाला लाजपत राय ने वर्ष 1921 में सर्वेंट्स आफ द पीपल्स सोसायटी बनाई। इसी सोसायटी की ओर से लाइब्रेरी का संचालन किया जाने लगा।
- बंटवारे के दौरान लाहौर से यह लाइब्रेरी शिमला शिफ्ट हुई।
- इसके बाद कुछ समय के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी में लाइब्रेरी रही।
- आखिर में वर्ष 1966 में सेक्टर-15 स्थित लाला लाजपत राय भवन में इस लाइब्रेरी को शिफ्ट किया गया।
- तब से लेकर अब तक यह लाइब्रेरी यहीं पर है।
- सेक्टर-15 स्थित लाला लाजपत राय भवन की इमारत बनने की शुरूआत वर्ष 1962 में की गई थी।
लाइब्रेरी की कलेक्शन में यह सब है
- शहीद भगत सिंह की पढ़ी हुई पुस्तकें।
- लाला लाजपत राय का अचकन, थैले, गाउन, कुर्ता-पजामा,खेस, चादर।
- जिन पुस्तकों को लाला लाजपत राय ने पढ़ा वह भी कलेक्शन में है।
- लाजपत द्वारा गोपाल कृष्ण गोखले को लिखे गए खत।
- कुछ पुरानी तस्वीरें भी यहां पर है।
- समय के साथ कुछ पुस्तकों को डिजिटाइज किया गया।
- पुस्तकों की कलेक्शन को धीरे-धीरे बढ़ाया गया।
- अब लाइब्रेरी में लगभग 90,000 पुस्तकें है।
- 100 से ज्यादा लोगों की बैठने की व्यवस्था है।महीने में चार से पांच रिसर्च स्कालर यहां पर आते है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।