विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

निलंबित DIG भुल्लर का बिचौलिया 2 साल में बन गया करोड़पति; ईडी ने पूछा तो बोला-हाॅकी कोचिंग से कमाए

By Ravi Atwal Edited By: Sohan Lal
Published: Sun, 22 Nov 2026 11:27 AM (IST)

ईडी की जांच में निलंबित डीआईजी भुल्लर के बिचौलिए कृष्णु शारदा की कमाई में अचानक बड़ा उछाल सामने आया है। शारदा पर अधिकारियों की ट्रांसफर-पोस्टिंग के नाम पर 1.12 करोड़ रुपये कमाने का आरोप है, जिसे वह हाॅकी कोचिंग से कमाई बता रहा है।

नीली टीशर्ट में हॉकी खेते हुए कृष्णु शारदा, जिसकी संपत्ति पर कोर्ट में उठे सवाल। (एआई जनरेटेड इमेज)

नीली टीशर्ट में हॉकी खेते हुए कृष्णु शारदा, जिसकी संपत्ति पर कोर्ट में उठे सवाल। (एआई जनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. कृष्णु शारदा की कमाई में अचानक बड़ा उछाल।

  2. ट्रांसफर-पोस्टिंग से 1.12 करोड़ कमाने का आरोप।

  3. ईडी ने शारदा के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।

जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। पंजाब के निलंबित डीईजी हरचरण सिंह भुल्लर रिश्वतकांड में गिरफ्तार बिचौलिये कृष्णु शारदा की कमाई में वर्ष 2023 के बाद अचानक बड़ा उछाल आया।

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच में सामने आया कि शारदा और उसकी पत्नी के आठ बैंक व पोस्ट ऑफिस खातों में वर्ष 2013 से 2025 के बीच 1.00 करोड़ रुपये से अधिक जमा हुए।

इनमें से 86.32 लाख रुपये तो वर्ष 2023 के बाद ही जमा किए गए हैं। इसके अलावा ईडी को यह भी पता चला कि आरोपित ने अधिकारियों की ट्रांसफर पोस्टिंग के नाम पर 1.12 करोड़ रुपये कमाए।

ईडी ने जब इतनी बड़ी रकम के स्रोत के बारे में पूछताछ की तो शारदा ने दावा किया कि उसने हाॅकी कोचिंग और टूर्नामेंट से कमाई की है, जबकि उसकी पत्नी होम ट्यूशन से भी कमाती है। हालांकि उसकी इन दलीलों से ईडी संतुष्ट नहीं है और आरोपित के खिलाफ विशेष अदालत में चार्जशीट दाखिल कर दी।

ईडी ने चार्जशीट में दावा किया है कि वर्ष 2013 से 2025 तक उसके खातों में कुल 1,00,62,178 रुपये जमा होने का पता चला। वर्ष 2023 से पहले इन खातों में जमा रकम महज 14.30 लाख रुपये थी, जबकि इसके बाद दो साल में ही 86.32 लाख रुपये और जमा हुए हैं।

ट्रांसफर-पोस्टिंग से लेकर नंबरदारी तक में बिचौलिया

ईडी का आरोप है कि कृष्णु शारदा केवल निलंबित डीआईजी भुल्लर के लिए ही बिचौलिये का काम नहीं करता था, बल्कि पंजाब के पुलिस, सिविल प्रशासन, राजस्व विभाग और अन्य सरकारी विभागों में अधिकारियों से संपर्क रखता था। वह ट्रांसफर-पोस्टिंग, नंबरदारी, जमीन संबंधी मामलों और अन्य सरकारी कार्यों को करवाने के नाम पर लोगों से रकम लेता था।

ईडी ने कहा-यह अपराध की कमाई

ईडी ने जांच में शारदा से संबंधित अपराध की कमाई 1,12,32,048.03 रुपये आंकी है। इसके अलावा उसके बैंक ऑफ बड़ौदा खाते में आए 17,38,845 रुपये के यूपीआई लेन-देन की भी जांच की जा रही है। एजेंसी को आशंका है कि यह रकम अधिकारियों के माध्यम से सरकारी काम करवाने के लिए ली गई थी।

पिछले साल भुल्लर संग हुआ था गिरफ्तार

सीबीआई ने 16 अक्टूबर 2025 को भुल्लर और कृष्णु शारदा को आठ लाख रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार किया था। दोनों मंडी गोबिंदगढ़ के एक व्यापारी को डरा कर रिश्वत की मांग कर रहे थे। इस आधार पर ईडी ने मनी लाॅन्ड्रिंग की जांच शुरू की। एजेंसी का कहना है कि मामले में अन्य लोगों और सरकारी अधिकारियों की भूमिका तथा अपराध की कुल कमाई का पता लगाने के लिए जांच जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।