दो सरकारी नौकरी छोड़ी, तीन केसों में बरी; अरविंद केजरीवाल को धमकी देने वाले हरियाणा के युवक की सच्चाई
अरविंद केजरीवाल को धमकी देकर रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार कोमल जांगड़ा दो सरकारी नौकरियां छोड़ चुका है। वह ...और पढ़ें

रोहतक के कोमल ने दी थी दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल के नाम धमकी।
HighLights
हरियाणा के रोहतक जिले का रहने वाला है आरोपित।
वह तीन पुराने लड़ाई-झगड़े के मामलों में बरी हुआ।
केजरीवाल को धमकी देने पर न्यायिक हिरासत भेजा।
जागरण संवाददाता, मोहाली। दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी बेटी को धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में गिरफ्तार कोमल उर्फ कोबरा जांगड़ा दो सरकारी नौकरियां छोड़ चुका है।
वह करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी छोड़ने के बाद रोहतक के डीसी कार्यालय में क्लर्क लगा था, लेकिन वहां भी करीब छह महीने पहले उसे बर्खास्त कर दिया गया। इसके अलावा उसके खिलाफ लड़ाई-झगड़े के तीन मामले दर्ज हुए थे।
कोमल का भाई तिलकराज दावा कर रहा है कि वह तीनों मामलों में बरी हो चुका है और उसका किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है। तिलकराज के मुताबिक करनाल के स्वास्थ्य विभाग में नौकरी के दौरान कोमल ने खुद इस्तीफा दिया था।
इसके बाद उसे रोहतक डीसी कार्यालय में क्लर्क की नौकरी मिली। वहां साथी कर्मचारियों के साथ कहासुनी के बाद विवाद हो गया। इस पर डीसी कार्यालय की ओर से उसे नोटिस जारी कर अपना पक्ष रखने के लिए कहा गया था। कोमल ने नोटिस का जवाब नहीं दिया, जिसके बाद करीब छह महीने पहले उसे नौकरी से टर्मिनेट कर दिया गया।
किसी गैंग से कोई संबंध नहीं
भाई का कहना है कि कोमल को अकेले रहना पसंद है। वह अधिकतर समय अपने कमरे में बैठकर पढ़ाई करता रहता है । तिलकराज ने बताया कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। उसे मिर्गी के दौरे पड़ते हैं।
इसके लिए दवाइयां भी चल रही हैं। दवा नहीं लेने पर दौरे पड़ने लगते हैं। कोमल का किसी गैंग से कोई संबंध नहीं है। कोमल सामाजिक गतिविधियों में भी हिस्सा नहीं लेता।
गिरफ्तारी के बाद परिवार को पता चला मामले का
तिलकराज के अनुसार पंजाब पुलिस जब कोमल को अपने साथ ले गई, तब परिवार को उसकी गिरफ्तारी की जानकारी मिली। परिवार को पहले यह भी पता नहीं था कि पुलिस उसे किस मामले में लेकर गई है। गिरफ्तारी के बाद से उनकी कोमल से बातचीत नहीं हुई है।
केजरीवाल और बेटी को धमकी, 7 करोड़ रंगदारी मांगी
केजरीवाल और उनकी बेटी को जान से मारने की धमकी देकर सात करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में पंजाब पुलिस ने कोमल को रोहतक से गिरफ्तार किया था। शनिवार को मोहाली अदालत में पेश करने के बाद उसे एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था।
रविवार को रिमांड अवधि पूरी होने पर पुलिस ने उसे दोबारा अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने रिमांड के दौरान उससे धमकी देने और रंगदारी मांगने के संबंध में पूछताछ की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।