पुरुष रात को घर से न निकलें, तो महिलाएं बाहर सुरक्षित रहेंगी : किरण खेर
चडीगढ़ में हाल ही में महिलाओं के साथ हुई वारदातों को लेकर सांसद ने तल्ख टिप्पणी की है। उन्होंने मीडिया को भी नसीहत दी।
जेएनएन, चंडीगढ़। शहर में महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर स्थानीय सांसद किरन खेर ने वीरवार को तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पुरुषों को रात के समय घर के बाहर नहीं निकलना चाहिए, क्योंकि सारी समस्याएं ही उनकी गलत मानसिकता के कारण हैं। अगर पुरुष घर के अंदर रहेंगे तो महिलाएं रात को बाहर सुरक्षित रहेंगी।
10 वर्षीय रेप पीड़िता द्वारा बच्ची को जन्म देने के मामले पर खेर ने कहा कि प्रशासन इस पर अपना काम कर रहा है और मीडिया को इसे ज्यादा तूल नहीं देना चाहिए। बच्ची सदमे में है और अब उसे स्कूल जाने से भी डर लग रहा है। खेर सेक्टर-49 सिविल डिस्पेंसरी के उद्घाटन समारोह के दौरान संबोधित कर रही थी।
इससे पहले खेर ने सेक्टर-49 डिस्पेंसरी का उद्घाटन किया। इस मौके पर निगम आयुक्त बी. पुरूषार्था, अतिरिक्त आयुक्त सौरव मिश्र, सीनियर डिप्टी मेयर राजेश कुमार गुप्ता, डिप्टी मेयर अनिल दुबे, पार्षद हीरा नेगी और पीजीआई के डीन डॉ. राजेश कुमार उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: बादल की कैप्टन को चुनौती, हिम्मत है किसानों को पूरा कर्ज माफ करो