आप नेता खैहरा ने कहा, मुझे जारी समन कांग्रेस की साजिश
आप नेता खैहरा ने कहा कि उन्हें जारी समन राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस के साथ नाता रखने वाले एक वकील ने अदालत में अर्जी दी थी कि अदालत द्वारा खैहरा को तलब किया जाए।
जेएनएन, चंडीगढ़। आम आदमी पार्टी के नेता व व पंजाब के नेता प्रतिपक्ष सुखपाल सिंह खैहरा ने फाजिल्का अदालत द्वारा उनके खिलाफ जारी समन को कांग्रेस की साजिश करार दिया है। कहा कि वह इस मामले को पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट में चुनौती देंगे।
यहां अपने सरकारी निवास पर पत्रकारों से बातचीत में खैहरा ने कहा कि 2015 के हेरोइन तस्करी मामलों का एक मुलजिम गुरदेव सिंह पहले कांग्रेस कार्यकर्ता था। वह भी उस समय कांग्रेस में थे। इसलिए उनकी उससे बातचीत हुई थी। इस बातचीत को आधार बनाकर पहले अकाली-भाजपा सरकार ने उन्हें पुलिस केस में उलझाया और अब कांग्रेस यह काम कर रही है। इस मामले पर पंजाब पुलिस ने एसआइटी भी बनाई थी। टीम को उनके खिलाफ कोई सुबूत नहीं मिले।
खैहरा ने कहा कि कांग्रेस के साथ नाता रखने वाले एक वकील ने अदालत में अर्जी दी है कि अदालत द्वारा खैहरा को तलब किया जाए। इस मामले पर कांग्रेस नेता राज कुमार वेरका और भाजपा के नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल और विनीत जोशी, अकाली दल के नेता डॉ. दलजीत चीमा ने खैहरा के इस्तीफे की मांग की है।
यह भी पढ़ेंः हेरोइन तस्करी मामले में आप विधायक दल के नेता खैहरा के खिलाफ गैर जमानती वारंट