42 किमी की दौड़ 2 घंटे 46 मिनट 56 सेकंड में पूरी, चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन में छाई केन्या की जेन वांजिरू
चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन-2026 में केन्या और इथियोपिया के धावकों का दबदबा रहा, जिसमें जेन वांजिरू ने फुल मैराथन जीती। प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई और विजेताओं को 1 करोड़ 16 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई।

चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन के विजेताओं को प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने किया सम्मानित।
HighLights
चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन-2026।
प्रशासक ने मैराथन को हरी झंडी दिखाई।
विजेताओं को 1 करोड़ 16 हजार के पुरस्कार।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। चंडीगढ़ इंटरनेशनल मैराथन-2026 में केन्या और इथियोपिया के धावकों का दबदबा रहा। सेक्टर-1 स्थित चंडीगढ़ क्लब के पास ओपन ग्राउंड से रविवार को शुरू हुई मैराथन में देश-विदेश के धावकों ने उत्साह के साथ भाग लिया।
पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं भी पांच किलोमीटर की दौड़ में हिस्सा लिया। मैराथन में 42 किलोमीटर फुल मैराथन, 21 किलोमीटर हाॅफ मैराथन, 10 किलोमीटर और पांच किलोमीटर की चार श्रेणियां रखी गई थीं।

मैराथन पूरी होने के बाद विजेताओं को सम्मानित किया। विभिन्न आयु वर्ग और ओवरऑल श्रेणियों के विजेताओं को एक करोड़ 16 हजार रुपये की पुरस्कार राशि वितरित की गई।
फुल मैराथन में केन्या का दबदबा
42 किलोमीटर फुल मैराथन के महिला वर्ग में केन्या की जेन वांजिरू ने 2 घंटे 46 मिनट 56 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। सेनाइट केफेलेगन लेशार्ज दूसरे और भारत की पारुल चौधरी 3 घंटे 3 मिनट 6 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में केन्या के जॉर्ज नगांगा ने 2 घंटे 22 मिनट 18 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। केन्या के पॉल केमेई दूसरे और आइजैक किप्रोन येगो तीसरे स्थान पर रहे।

हाफ मैराथन में इथियोपिया के धावक आगे
21 किलोमीटर हाफ मैराथन के महिला वर्ग में इथियोपिया की त्सेहाय डेसालेग्न अधाना ने 1 घंटा 16 मिनट 12 सेकंड में पहला स्थान हासिल किया। भारत की रेनू सिंह दूसरे और वर्षा देवी तीसरे स्थान पर रहीं।
पुरुष वर्ग में इथियोपिया के देजेने बोन्सा मेल्का ने 1 घंटा 4 मिनट 48 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया। भारत के कुलबीर सिंह दूसरे और नीरज तीसरे स्थान पर रहे।
10 किमी. दौड़ में भारतीय धावकों ने मारी बाजी
10 किलोमीटर दौड़ के महिला वर्ग में भारत की प्रीति ने 35 मिनट 8 सेकंड में पहला स्थान हासिल किया। स्वाति पाल दूसरे और इथियोपिया की सेनायित अयाले अलेमू तीसरे स्थान पर रहीं। पुरुष वर्ग में भारत के लवप्रीत सिंह ने 29 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर पहला स्थान हासिल किया।