नियमों को ताक पर रख डॉ. सांगा की गर्ल्स कॉलेज में होगी रेगुलर नियुक्ति
डॉक्टर सुरेंद्र सिंह सांगा की रेगुलर नियुक्ति गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होने जा रही है।
सुमेश ठाकुर, चंडीगढ़ : नियमों को ताक पर रखकर एक बार फिर डॉक्टर सुरेंद्र सिंह सांगा की रेगुलर नियुक्ति गर्ल्स डिग्री कॉलेज में होने जा रही है। डॉक्टर सुरेंद्र सिंह सांगा दशमेश गर्ल्स डिग्री कॉलेज मुक्तसर साहिब में डेपुटेशन पर बीते तीन साल से प्रिसिपल नियुक्त हैं। अब उन्हें इसी कॉलेज में रेगुलर प्रिसिपल बनाने के लिए 30 मई को होने वाली सिडीकेट में प्रस्ताव पेश किया जा रहा है। डॉ. एसएस सांगा बीते 15 साल से गर्ल्स कॉलेज में प्रिसिपल के तौर पर नियुक्ति हैं। 2005 से 12 साल तक उन्होंने मुक्तसर साहिब में प्रिसिपल के तौर पर सेवाएं दी, उसके बाद मई 2017 में उन्हें एक साल की डेपुटेशन पर इसी कॉलेज की दूसरी ब्रांच जोकि दशमेश गर्ल्स डिग्री कॉलेज के नाम से जानी जाती है, भेज दिया। इसके बाद मई 2018 में दो साल के लिए डेपुटेशन पर नियुक्त किया गया था। ये हैं नियम
पंजाब यूनिवर्सिटी से मान्यता प्राप्त किसी भी गर्ल्स कॉलेज में महिला प्रोफेसर को ही प्रिंसिपल नियुक्त किया जा सकता है। प्रिसिपल नियुक्त करने से पहले पोस्ट के लिए कम से कम दो बार एडवर्टाइजमेंट की जाती है लेकिन सांगा को प्रिसिपल नियुक्त करने से पहले तीन साल में एक भी बार कोई एडवर्टाइजमेंट नहीं निकाली गई बल्कि सांगा को सिडीकेट और सीनेट में सीधे तौर पर नियुक्ति दी जा रही है। पंजाब यूनिवर्सिटी के कैलेंडर की बात करें तो उसके वॉल्यूम तीन के रूल नंबर पांच जोकि पेज नंबर 208 पर लिखा गया है, वहां पर किसी भी पुरुष प्रोफेसर को नियुक्त करना अवैध बताया गया है। उसके बाद भी उन्हें डेपुटेशन से हटाकर रेगुलर नियुक्त करने की बात की जा रही है जिस पर सिडीकेट में बवाल तय है। डॉक्टर सांगा की नियुक्ति 2005 से ही सिडीकेट और सीनेट की तरफ से की जा रही है। जो भी फैसला सिडीकेट देगी, वह यूनिवर्सिटी को मान्य होगा।
-डॉ. संजय कौशिक, डीन कॉलेज डेवलपमेंट काउंसिल, पंजाब यूनिवर्सिटी