विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब की धरती पर कदम रखते ही जापान की हॉकी टीम ने पाया भंगड़ा, अब एशियन चैंपियंस ट्राॅफी में दिखाएगी दम

Published: Fri, 23 Oct 2026 12:12 PM (GMT+05:30)

एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेने के लिए जापान की पुरुष हॉकी टीम पंजाब पहुंची, जहां उनका पारंपरिक पंजाबी ढंग ...और पढ़ें

शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भंगड़ा डालते जापान की हॉकी टीम के खिलाड़ी।

शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भंगड़ा डालते जापान की हॉकी टीम के खिलाड़ी।

HighLights

  1. जापान की हॉकी टीम पंजाब पहुंची, भव्य स्वागत हुआ।

  2. एशियन चैंपियंस ट्रॉफी 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक।

  3. जालंधर और मोहाली में होगा टूर्नामेंट का आयोजन।

जागरण संवादाता, मोहाली। पंजाब में होने वाली एशियन चैंपियंस ट्राॅफी को लेकर हाॅकी का उत्साह बढ़ने लगा है। टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के लिए जापान की 18 सदस्यीय पुरुष हाॅकी टीम शुक्रवार को शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंची।

यहां खेल विभाग के अधिकारियों ने ढोल की थाप पर भंगड़ा डालकर और पारंपरिक मालाएं पहनाकर खिलाड़ियों का स्वागत किया। जापान के खिलाड़ियों का स्वागत पंजाबी परंपरा और मेहमाननवाजी के साथ किया गया।

खिलाड़ियों ने मेजबानों का आभार जताया और पंजाब की धरती पर खेलने को लेकर उत्साह व्यक्त किया। हाॅकी के प्रति पंजाब के जुनून को देखते हुए टीम के खिलाड़ियों ने यहां खेलने को लेकर खुशी जाहिर की।

एशियन चैंपियंस ट्राॅफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जालंधर और मोहाली में किया जाएगा। टूर्नामेंट का आगाज जालंधर के ओलंपियन सुरजीत हाकी स्टेडियम में होगा, जबकि फाइनल मुकाबला 5 नवंबर को मोहाली के ओलंपियन बलबीर सिंह सीनियर हाॅकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

छह देशों की टीमें लेंगी हिस्सा

टूर्नामेंट में भारत और जापान के अलावा दक्षिण कोरिया, चीन, मलेशिया और बांग्लादेश की टीमें भी हिस्सा लेंगी। प्रतियोगिता के लिए सभी टीमों के ठहरने, अभ्यास और आवागमन के पुख्ता प्रबंध किए जा रहे हैं। पंजाब सरकार की ओर से खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की गई है।

जापान की टीम में ये खिलाड़ी शामिल

जापान की टीम में यामादा शोटा, तनाका सेरेन, वातानाबे जून, मात्सुमोतो काजूमासा, नागाई युमा, यामाशिता मनाबू, फुजीशिमा राइकी (कप्तान), नागायोशी केन, सैतो हीरो, काशिवागी रेन, तनाका सुबासा, ओका रयोमा, कावामुरा यूसुके, कुरोदा किशो, यामानाका मोटोया, ओचाई हारुकी, कितागावा ताकुमी और फुकुदा केंटारो शामिल हैं। कुरोदा किशो और कितागावा ताकुमी टीम के गोलकीपर हैं।