जानकीदास हत्याकांड के शूटर्स के खिलाफ पुलिस पर फायरिंग मामले में चार्जशीट, केस चंडीगढ़ सेशंस कोर्ट में ट्रांसफर
जानकीदास हत्याकांड के शूटरों सन्नी मेहरा और आर्यन शर्मा के खिलाफ पुलिस पर गोली चलाने के मामले में चार्जशीट दाखिल की गई है। यह केस अब चंडीगढ़ सेशन कोर्ट में चलेगा, जिसकी अगली सुनवाई 13 दिसंबर को होगी।

पुलिस की स्काॅर्पियो गाड़ी पेड़ से टकराने पर शूटर्स ने भागने की कोशिश में पुलिस पर की थी फायरिंग।
HighLights
शूटरों सन्नी मेहरा, आर्यन शर्मा पर चार्जशीट दाखिल हुई।
एनकाउंटर के दौरान पुलिस पर गोली चलाने का आरोप।
केस चंडीगढ़ सेशन कोर्ट में, अगली सुनवाई 13 दिसंबर।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। सेक्टर-11 के जानकीदास हत्याकांड के दोनों शूटरों सन्नी मेहरा और आर्यन शर्मा के खिलाफ एनकाउंटर के दौरान पुलिस टीम पर गोली चलाने के मामले में पुलिस ने जांच पूरी कर चार्जशीट दाखिल कर दी है। केस सेशंस कोर्ट में ट्रांसफर कर दिया गया है।
मामले की अगली सुनवाई 13 दिसंबर को होगी। दोनों आरोपित फिलहाल जेल में बंद हैं। मामला 18 जून 2026 का है। पुलिस जानकीदास हत्याकांड के मुख्य शूटर सन्नी मेहरा (22) और उसके साथी आर्यन शर्मा (21) को जम्मू से गिरफ्तार करने के बाद चंडीगढ़ ला रही थी। चंडीगढ़ पुलिस ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के सहयोग से दोनों को पकड़ा था।
18 जून की सुबह करीब छह बजे पंजाब यूनिवर्सिटी के पीछे धनास के जंगल वाले रास्ते पर पुलिस की स्काॅर्पियो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में गाड़ी का ड्राइवर और एक पुलिसकर्मी घायल हो गए।
अफरातफरी के दौरान सन्नी मेहरा ने एक पुलिसकर्मी की गिरी हुई सर्विस पिस्तौल उठाकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायर किए। गोलियां पुलिस की गाड़ी में लगीं और पुलिसकर्मियों ने गाड़ी की आड़ लेकर खुद को बचाया।
चेतावनी के बावजूद दोनों आरोपित भागने लगे। पुलिस टीम ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए कुल चार राउंड फायर किए। सन्नी मेहरा के बाएं पैर में दो गोलियां और आर्यन शर्मा के दाएं पैर में एक गोली लगी।
पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया था
घटना के बाद दोनों के खिलाफ पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने और हिरासत से भागने की कोशिश से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया था। जांच पूरी होने के बाद पुलिस ने अदालत में चार्जशीट दाखिल की है।
यह भी पढ़ें- चंडीगढ़ जानकी दास हत्याकांड में नया खुलासा, कपूरथला जेल में रची गई साजिश, गैंगस्टर 'गोली' ने दिए थे हथियार-पैसे
13 जून 2026 को सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार कैमिस्ट के कैशियर जानकीदास की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात को सन्नी मेहरा और आर्यन शर्मा ने अंजाम दिया था। हत्या के बाद दोनों फरार हो गए थे।