जीरकपुर पहुंची Miss Punjab रिदम बाेलीं, ब्यूटी के साथ इंटेलिजेंस दिखाना भी जरूरी
मिस पंजाब रिदम रंधावा ने कहा कि हमारे समाज में आज भी समस्या सही शिक्षा की है। हर कोई महिलाओं को तो सीमित रहने को कहता है।
चंडीगढ़, जेएनएन। पैजेंट शो इन दिनों बढ़ गए हैं। ये अच्छा है मगर वक्त ब्यूटी के अलावा इंटेलिजेंस दिखाने का भी है। अब पैजेंट को केवल खूबसूरती तक सीमित नहीं रखना चाहिए। क्योंकि वक्त तो बदला है, मगर महिलाओं के साथ हालात अभी भी वही हैं। हम रोजाना रेप की घटनाएं सुन रहे हैं। इससे हम कैसे बेफिक्र हो सकते हैं कि महिला सशक्तिकरण हो रहा है।
मिस पंजाब और मिस टूरिज्म इंटरनेशनल इंडिया -2019 रिदम सिंह रंधावा कुछ इसी अंदाज में पैजेंट शो के बदलते ट्रेंड और सोसाइटी पर उसके असर पर बात करती हैं। जीरकपुर में वह नॉकआउट यूनिसेक्स सैलून को लॉन्च करने पहुंची थी। इस माैके पर हरियाणा के पूर्व डीजीपी बीएस संधू भी माैजूद रहे।
सिर्फ लड़कियों को नहीं लड़कों को भी सही शिक्षा देने की जरूरत
रिदम सिंह रंधावा ने कहा कि हमारे समाज में आज भी समस्या सही शिक्षा की है। हर कोई महिलाओं को तो सीमित रहने को कहता है, मगर बात पुरुष की हो तो आज भी मनमर्जी करने के लिए आजाद दिखता है। हमारे घर से ही यह समस्या शुरू होती है, जिसमें पुरुषों को तो किसी तरह की रोक-टोक नहीं होती, मगर महिलाओं पर कई तरह की बंदिशें होती हैं। मैं चाहती हूं कि समाज में पैजेंट शो भी इसी रूप को सामने लाया जाए, जिसमें पुरुषों को महिलाओं की समस्या से अवगत कराया जा सके। उन्हें महिलाओं को रोकने के लिए नहीं बल्कि आगे बढ़ने के लिए मजबूत होना चाहिए।
बकाैल रिदम मेरी कोशिश हमेशा यही रही है कि अपनी आसपास की महिलाओं को जागरुक करूं। इस दिशा में वह सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेती हैं। अभी तक कई पैजेंट शो जीते हैं, मगर हर शो में महिला सशक्तिकरण जैसे मुद्दे उठाना ही मेरा मकसद रहा है। उम्मीद है कि हम नई पीढ़ी में मजबूत भारत और महिलाओं के लिए बेहतर समाज का निर्माण कर सकेंगे।