विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

1979 की क्रांति ने ईरान और इजरायल को बना दिया कट्टर दुश्मन, टकराव अब पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा के लिए चुनौती

Published: Fri, 13 Nov 2026 01:02 PM (IST)

ईरान और इजरायल कभी सहयोगी थे, लेकिन 1979 की इस्लामी क्रांति ने उनके रिश्तों को दुश्मनी में बदल दिया। लेफ्टिनेंट ...और पढ़ें

HighLights

  1. ईरान और इजरायल आज के बीच कभी मजबूत सैन्य रिश्ते थे।

  2. 1979 इस्लामी क्रांति ने सहयोग को दुश्मनी में बदल दिया।

  3. ले. जनरल केजे सिंह ने मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल में रखी अपनी बात।

मोहित पांडेय, चंडीगढ़। ईरान और इजरायल आज भले ही एक-दूसरे के सबसे बड़े दुश्मनों में शामिल हों, लेकिन कभी दोनों देशों के बीच मजबूत सैन्य और कूटनीतिक रिश्ते हुआ करते थे। वर्ष 1948 से 1979 तक दोनों देश एक-दूसरे के सहयोगी रहे।

साझा रणनीतिक हितों और क्षेत्रीय चुनौतियों ने उन्हें करीब रखा, लेकिन 1979 में ईरान की इस्लामी क्रांति और अयातुल्ला शासन की स्थापना के बाद रिश्तों की दिशा पूरी तरह बदल गई। इसके बाद शुरू हुआ टकराव अब पूरे पश्चिम एशिया की सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर चुनौती बन चुका है।

यह विश्लेषण लेफ्टिनेंट जनरल केजे सिंह ने सुखना लेक पर आयोजित 10वें मिलिट्री लिटरेचर फेस्टिवल के पहले दिन ईरान-इजरायल युद्ध पर आयोजित विशेष सत्र में रखा। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों के ऐतिहासिक पहलुओं से लेकर मौजूदा सैन्य संघर्ष और बदलते वैश्विक समीकरणों पर चर्चा की।

सत्र में इजरायली विशेषज्ञ शाई गल, राजदूत पीपीएसए और ब्रिगेडियर सहगल को भी अपने विचार रखने के लिए आमंत्रित किया गया था। चर्चा में ईरान के दृष्टिकोण, पश्चिम एशिया की भू-राजनीति और परमाणु सुरक्षा के पहलुओं पर विचार होना था।

केजे सिंह ने कहा कि ईरान और इजरायल हमेशा से दुश्मन नहीं थे। दोनों प्राचीन सभ्यताएं हैं और इनके बीच लंबे समय तक अच्छे संबंध रहे। उन्होंने अपने पारिवारिक अनुभव का जिक्र करते हुए बताया कि उनके माता-पिता फारसी भाषा बोलते थे।

उस दौर में फारसी भाषा को सांस्कृतिक और बौद्धिक परिष्कार का माध्यम माना जाता था। उन्होंने कोच्चि के मट्टनचेरी इलाके में यहूदी समुदाय से जुड़े अपने व्यक्तिगत परिचय का भी उल्लेख किया।

अरब राष्ट्रवाद और सोवियत प्रभाव ने बनाया था करीब

उन्होंने बताया कि 1948 से 1979 के बीच ईरान और इजरायल के बीच रणनीतिक सहयोग था। दोनों देशों की अरब राष्ट्रवाद, सुन्नी प्रभाव और सोवियत साम्यवाद को लेकर समान चिंताएं थीं। यही साझा हित दोनों को करीब लाने का आधार बने।

सैन्य तकनीक और हथियारों के क्षेत्र में भी दोनों के बीच सहयोग रहा। हालांकि, 1979 की इस्लामी क्रांति के बाद ईरान में सत्ता परिवर्तन ने इस साझेदारी को दुश्मनी में बदल दिया।

परमाणु कार्यक्रम और क्षेत्रीय संगठनों से बढ़ा टकराव

केजे सिंह ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को इजरायल की प्रमुख सुरक्षा चिंताओं में शामिल बताया। वर्ष 2009 में ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाने वाले स्टक्सनेट साइबर हमले, सीरिया संघर्ष और वर्ष 2020 के अब्राहम समझौते का भी जिक्र किया।

उन्होंने कहा कि अब्राहम समझौते के बाद कई अरब देशों के इजरायल के साथ संबंध सामान्य होने लगे। इससे ईरान के सामने पश्चिम एशिया में अपनी रणनीतिक स्थिति बनाए रखने की चुनौती बढ़ गई।

उन्होंने ईरान की ओर से तैयार किए गए 'एक्सिस ऑफ रेजिस्टेंस' यानी प्रतिरोध की धुरी का भी उल्लेख किया। इसमें लेबनान का हिजबुल्लाह, गाजा का हमास और इस्लामिक जिहाद, यमन के हूती तथा इराक के कई सशस्त्र संगठन शामिल हैं। ईरान इन्हें इजरायल के खिलाफ क्षेत्रीय प्रतिरोध का हिस्सा मानता है, जबकि इजरायल इन्हें अपनी सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा मानता है।

ट्रंप के 100 प्रतिशत जीत के दावे का भी किया जिक्र

सत्र में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के युद्ध को लेकर दिए गए बयान पर भी चर्चा हुई। केजे सिंह ने ट्रंप के उस दावे का उल्लेख किया, जिसमें उन्होंने अमेरिकी सैन्य कार्रवाई को 93 प्रतिशत सफल बताते हुए 100 प्रतिशत जीत हासिल करने की बात कही थी। ट्रंप के अनुसार, इस कार्रवाई ने ईरान की सैन्य क्षमताओं को दोबारा विकसित करने की प्रक्रिया को 25 साल पीछे धकेल दिया है।

केजे सिंह ने कहा कि ईरान और इजरायल के बीच भौगोलिक सीमा साझा नहीं होने के बावजूद दोनों का संघर्ष अब पूरे पश्चिम एशिया को प्रभावित कर रहा है। अमेरिका की भागीदारी और क्षेत्र में सक्रिय विभिन्न सशस्त्र संगठनों के कारण यह टकराव केवल दो देशों तक सीमित नहीं रह गया है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।