IPS और राॅ एजेंट बन युवती से ठगी, मैट्रिमोनियल साइट पर जाल में फंसाया; हरियाणा का युवक गिरफ्तार
मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को आईपीएस और रॉ एजेंट बताकर एक युवक ने चंडीगढ़ की युवती से शादी का झांसा ...और पढ़ें

मैट्रिमोनियल साइट पर बातचीत के बाद युवती के साथ ठगी। (एआई जनरेटेड फोटो)
HighLights
हरियाणा के रोहतक का रहने वाला है आरोपित अमित बल्हारा।
हरियाणा सरकार में ऊंची पहुंच बता सरकारी नौकरी का झांसा।
आईपीएस अधिकारी की वर्दी में फोटो लगाकर दिया धोखा।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। मैट्रिमोनियल साइट पर खुद को कभी आबकारी विभाग का सहायक आयुक्त, कभी आईपीएस अधिकारी तो कभी राॅ एजेंट बताकर शहर की एक युवती से शादी का झांसा देकर 11.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले आरोपित को सेक्टर-19 थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
आरोपित की पहचान हरियाणा के रोहतक निवासी अमित कुमार बल्हारा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके मोबाइल फोन को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। आरोपित को पुलिस ने रोहतक स्थित उसके घर से गिरफ्तार किया।
सेक्टर-20 निवासी युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मार्च में मैट्रिमोनियल साइट पर उसकी मुलाकात अमित से हुई थी। अमित ने साइट पर आईपीएस अधिकारी की वर्दी में अपनी फोटो लगा रखी थी। बातचीत आगे बढ़ी और दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे।
अमित ने धीरे-धीरे उसका विश्वास जीत लिया और शादी का झांसा देकर उससे रुपये, सोने के गहने और लैपटाप ले लिया। अमित ने युवती को बताया कि उसकी मां बीमार रहती है और उसके पिता उनकी ठीक से देखभाल नहीं करते। उसने युवती से कहा कि उसके जीवन में आने से उसकी मां भी ठीक हो सकती है।
इसके साथ ही उसने हरियाणा सरकार में अपनी ऊंची पहुंच बताकर युवती को सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा भी दिया। बाद में अमित ने खुद को रा का एजेंट बताते हुए कहा कि देश की सुरक्षा से जुड़ी जिम्मेदारियों के कारण वह अपनी पहचान और काम के बारे में किसी को जानकारी नहीं दे सकता।
इसी बहाने उसने युवती को अपने प्रभाव में ले लिया। अमित ने युवती के दस्तावेजों का इस्तेमाल कर चंडीगढ़ में उसके नाम से बैंक खाता खुलवाया। उसने खाते की पासबुक और एटीएम अपने पास रख लिए।
यह भी पढ़ें- ब्रिटेन के डाॅक्टर से प्यार और शादी के सपने, फिर एयरपोर्ट कस्टम के नाम पर लाखों की ठगी; चंडीगढ़ की युवती से धोखा
युवती के नाम पर सिम कार्ड लिया
युवती के नाम से नया सिम कार्ड भी जारी करवाया, ताकि बैंक से आने वाले ओटीपी उसके पास पहुंच सकें। इसी तरह उसने युवती से करीब 11.50 लाख रुपये नकद, छह-सात तोले सोने के गहने और लैपटाप ले लिया। युवती के नाम खोले गए बैंक खाते में भी कई संदिग्ध लेनदेन किए गए।
बैंक खाता फ्रीज होने पर हुआ शक
करीब दो महीने पहले बैंक ने युवती के नाम से खोले गए खाते को फ्रीज कर दिया। आरोपित उसे लेकर बैंक पहुंचा तो बैंक प्रबंधक ने बताया कि खाते में संदिग्ध लेनदेन होने के कारण उसे फ्रीज किया गया है। इसके बाद युवती को अमित पर शक हुआ। उसने अपने रुपये और गहने वापस मांगने शुरू किए।
इसके बाद अमित ने युवती को धमकाना और ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने उसकी फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित करने की धमकी दी। परेशान होकर युवती ने पुलिस को शिकायत दी।
जांच के बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे रोहतक से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब उसके मोबाइल फोन और बैंक लेनदेन की जांच कर रही है।
