इस आपदा के समय में हम पूरी कोशिश करेंगे कि कोई भूखा न रहे : प्रेम गर्ग
गर्ग ने कहा कि इस समय उनकी पार्टी के कार्यकर्ता वार्ड इंचार्ज और अध्यक्ष कई दिनों से लगातार अलग-अलग स्थानों पर रोजाना ज़रूरतमंद लोगों को खाना मुहैया कर रहे हैं।
चंडीगढ़, जेएनएन। कोरोना वायरस के कारण पूरे देश में मजदूरों, गरीब विधवाओं और विकलांग नागरिकों को दो वक्त की रोटी के लिए प्रशासन पर निर्भर होना पड़ रहा है। लोगों तक हर सुविधा पहुंचाने के लिए प्रशासन अपनी ज़िम्मेवारी बखूबी निभा रहा है, लेकिन यह हम सब के लिए एक-दूसरे की मदद करने का समय है। आम आदमी पार्टी की पूरी कोशिश है कि इस आपदा के समय कोई भी नागरिक भूखा न रहे। यह कहना है आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ के संयोजक प्रेम गर्ग का।
गर्ग ने कहा कि इस समय उनकी पार्टी के कार्यकर्ता, वार्ड इंचार्ज और अध्यक्ष कई दिनों से लगातार अलग-अलग स्थानों पर रोजाना ज़रूरतमंद लोगों को खाना मुहैया कर रहे हैं। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने अब तक लगभग पांच हजार से ज्यादा जरूरतमंदों लोगों को कच्चा राशन उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के आह्वान पर हमारे पार्टी सदस्य रमेश कुमार ने सेक्टर-52 के अपने घर में रहने वाले सभी किराएदारों से इस आपदा के समय किराया न लेने का निर्णय किया है। साथ ही सभी व्यापारी सदस्यों ने अपने कर्मचारियों की सैलरी के साथ-साथ खाने का भी प्रबंध किया है।
बिहार से आए हुए करीब 150 मजदूरों तक पहुंचाया राशन
पार्टी अध्यक्ष प्रेम गर्ग ने कहा हम शहर के साथ अन्य राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के संपर्क में हैं, ताकि उनकी जान-पहचान या उनसे मदद मांगने वालों के घर का कोई सदस्य यदि शहर में फंसा हुआ है तो हम उस तक हर मदद पहुंचा सके। सोमवार को ही बिहार से आए हुए लगभग 150 मजदूरों तक कजहेड़ी गांव में राशन उपलब्ध कराया गया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता और नेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वह अपने आसपास के कम से कम दो से तीन क्षेत्रों के जरूरतमंद लोगों तक मदद पहुंचाएं। इस नेक कार्य मोहम्मद वाहिद, रोहित डोगरा, दलीप कुमार, साहिल चवर, दिनेश दिलेर, सुनील सिंह, देविंदर छाबरी, अरविंद चौहान, संजीव राही, विजय हंस, राधेश्याम यादव, गुरुदेव यादव, एसपी तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, क्रांति शुक्ला, वीरेंद्र सिंह (वीरू), आरती शर्मा, शिवचरण चौहान, रमेश कुमार, मनोज राय, संदीप कुमार और ललित मोहन ने अपने-अपने क्षेत्रों में संभाला हुआ है।