दोपहर बाद शहर में हल्की बारिश, मौसम का आनंद लेते दिखे लोग
गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़ : कई दिनों से पड़ रही गर्मी ने लोगों को परेशान कर रखा था। लोग तेज धूप और गर्मी में घरों से बाहर भी कम ही निकल रहे थे। लेकिन सोमवार को दोपहर बाद हुई हल्की बारिश से मौसम सुहाना हो गया। बारिश होने से मौसम ठंडा हुआ तो लोग घरों से बाहर निकले और मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए। सोमवार को बारिश होने की वजह से शहर का अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री रहा। सोमवार को सुबह से तेज धूप के साथ गर्मी भी खूब रही। लेकिन दोपहर तीन बजे बाद आसमान में बादल छा गए और ठंडी हवाएं चलने लगी। थोड़ी देर बाद शुरू हुई बारिश ने लोगों को घरों से बाहर निकलने के लिए मजबूर कर दिया। इसका एक नजारा सुखना लेक पर भी दिखाई दिया। जब बारिश बंद होने के बाद लोगों की भीड़ शाम को वहां घूमने पहुंची। कई दिन बाद हुई बारिश का लोग खूब लुफ्त उठा रहे थे। पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। साढ़े पांच बजे तक 1.2 एमएम बारिश
सोमवार को शहर में 1.2 एमएम बारिश दर्ज की गई। भले ही बारिश कम रही हो लेकिन इससे शहरवासियों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जून महीने में अब तक कुल 26.4 एमएम बारिश दर्ज की गई। आने वाले दिनों का मौसम
मौसम विभाग की मानें तो अभी आने वाले दो दिन हल्की बारिश होने के आसार हैं। मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने के साथ अधिकतम तापमान 37 डिग्री रहने की संभावना है। वहीं, बुधवार को भी हल्की बारिश होने से शहरवासियों को गर्मी से राहत मिल सकती है।
बारिश भले ही कम हुई पर ठंडे मौसम की वजह से गर्मी से राहत मिली। ऐसा पश्चिमी विक्षोभ के चलते हो रहा है। अगले दो दिन भी हल्की बारिश होने की संभावना है। ऐसे में शहरवासियों को कुछ और राहत मिल सकती है।
-सुरेंद्रपाल शर्मा, निदेशक, मौसम विभाग