सुनील जाखड़ ने कहा, राणा गुरजीत जांच में दोषी मिले तो कारवाई तय
पंजाब में रेत खनन की नीलामी में गड़बड़ी के आरोपों से राजनीति गर्मा गई है। प्रदेश कांग्रेस प्रधान सुनील जाखड़ का कहना है कि राणा गुरजीत जांच में दोषी मिले तो उन पर कार्रवाई होगी।
चंडीगढ़, [मनोज त्रिपाठी]। एक सप्ताह से रेत खनन की ऑनलाइन नीलामी में घोटाले और कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह पर लगे आरोपों ने पंजाब की सियासत को गरमा दिया है। रेत-बजरी को लेकर अकाली-भाजपा को हमेशा कठघरे में खड़ा करने वाली कांग्रेस अब खुद कठघरे में खड़ी है। राज्य सरकार ने राणा पर लगे आरोप की जांच के लिए न्यायिक आयोग बना दिया है। इन ऐसे में पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ का कहना है कि राणा गुरजीत यदि जांच में दोषी पाए गए तो उन पर कार्रवाई निश्चित रूप से हाेगी।
विशेष बातचीत में बोले, सरकार सस्ती दर पर रेत मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध
विधानसभा चुनाव में गठबंधन सरकार पर कांग्रेस ने रेत-बजरी के कारोबार व गुंडाटैक्स को सबसे बड़ा मुद्दा बनाकर अकालियों को भ्रष्टाचार में लिप्त घोषित करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अब रेत के कारोबार में राणा गुरजीत का नाम उछलने के बाद कांग्रेस मामले में बचाव का रास्ता ढूंढ रही है। इस मुद्दे को लेकर पंजाब कांग्रेस के प्रधान सुनील जाखड़ से दैनिक जागरण ने विशेष बातचीत की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि अगर राणा दोषी पाए गए, तो सरकार उन पर भी कार्रवाई करेगी। पेश हैं बातचीत के मुख्य अंश।
यह भी पढ़ें: खनन का खेल: चार बोलीदाताओं का मोबाइल नंबर और पांच का डोमेन एक ही
विधानसभा चुनाव में रेत माफिया बड़ा मुद्दा था। अकाली दल व भाजपा कांग्रेस के निशाने पर रहे। अब आप इस बारे में क्या कहना चाहेंगे?
-लोग सारी बातों को समझते हैं। मुख्यमंत्री ने इसीलिए यह महकमा अपने पास रखा है। मैं यह भरोसे के साथ कह रहा हूं कि इस मुद्दे को लेकर लोगों का जो भरोसा कांग्रेस पर बना था, उसे हम कायम रखेंगे। निष्पक्ष रूप से सरकार इस मामले में फैसले लेगी और लोगों के विश्वास पर खरी उतरेगी। चुनाव से पहले हमने ही लोगों को सस्ती दर पर रेत देने का मुद्दा बार उठाया था और हम अपने वादे खरे उतरेंगे।
कैसे खरे उतरेंगे। ठेकों की नीलामी में जब आपकी पार्टी के मंत्री ही मिलीभगत करके ठेके लेंगे तो अपने वादे कैसे पूरा करेंगे?
-थोड़ा समय दीजिए। मैं खुद इस मामले पर काम कर रहा हूं कि लोगों को किस प्रकार से सस्ती दर पर रेत उपलब्ध करवाया जाए। सरकार को मुनाफा होना अलग बात है। एक दो दिन इंतजार कीजिए, मैं विस्तार से अपनी योजना लोगों के सामने रखूंगा। अभी इसलिए खुलासा नहीं कर सकता क्योंकि उस पर काम कर रहा हूं।
सरकार ने रेत खनन के ठेके ऊंचे दाम पर देकर अपनी आय तो बढ़ा ली, लेकिन लोगों को महंगी रेत मिलेगी। क्या सरकार इस मुद्दे फेल साबित हुई है?
- ऐसा नहीं है। सरकार का फेल्योर तो तब होगा जब लोगों को सस्ती दर पर रेत नहीं मिलेगी। हम लोगों को राहत देंगे। इसके लिए योजना पर काम चल रहा है।
अकाली-भाजपा की सरकार के कार्यकाल में कांग्रेस हमेशा ऐसे मामलों को भ्रष्टाचार के श्रेणी में रखती थी। अब जो राणा गुरजीत सिंह ने किया है वह भ्रष्टाचार नहीं है?
- मुख्यमंत्री ने इस मामले की न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं। जांच पूरी होने तक इस बारे में कोई टिप्पणी करना सही नहीं होगा। यह सही है कि हमने गठबंधन सरकार के कार्यकाल में इस मुद्दे को भ्रष्टाचार की श्रेणी में रखा था। सच्चाई यह है कि पूर्व सरकार में कई नेता भ्रष्टाचार कर रहे थे। अगर राणा ने भ्रष्टाचार किया है तो जांच में सामने आ जाएगा।
यह भी पढ़ें: कैप्टन का राणा गुरजीत मामले में न्यायिक जांच का आदेश
राणा पर आरोप लगे हैं कि उन्होंने अपने रसोइए व अन्य मुलाजिमों के जरिए रेत के ठेके करोड़ों रुपये में लिए हैं। इस पर कांग्रेस पार्टी और आपका क्या स्टैंड है?
- कांग्रेस का स्टैंड एकदम स्पष्ट है। मैं पहले भी कह चुका हूं कि पार्टी पूरी पारदर्शिता के साथ काम करेगी और कर रही है। यही वजह है कि पहली बार रेत खनन में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए ऑनलाइन नीलामी की व्यवस्था की गई है। बतौर प्रदेश कांग्रेस प्रधान यही कहूंगा कि कांग्रेस भ्रष्टाचारियों के साथ नहीं है।
आप इस मामले को लेकर खुद भी मुख्यमंत्री से मिले थे। क्या लोग उम्मीद कर सकते हैं कि सरकार सस्ती दर पर रेत उपलब्ध करवाएगी?
- मैंने मुख्यमंत्री के सामने सारी बात विस्तार से रखी थी। वह खुद मामले को लेकर गंभीर हैं। उन्होंने न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। एक महीने में जांच पूरी हो जाएगी। मैं वादा करता हूं कि लोगों को रेत सस्ती दरों पर ही मिलेगी। इसके लिए मैं और हमारी पार्टी वचनबद्ध है।
जांच में अगर राणा गुरजीत सिंह दोषी पाए जाते हैं, तो उनके खिलाफ क्या कारवाई होगी?
-पार्टी के संविधान व नियमों के अनुसार उनका जिस प्रकार का दोष साबित होगा, उसी प्रकार की कारवाई की जाएगी। इतना भरोसा रखिए दोषी पाए जाने पर कारवाई तय है।