निगम सदन की बैठक में हंगामा, नगर निगम कमिश्नर और पूर्व मेयर अरुण सूद उलझे
बैठक में कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला ने कहा कि नगर निगम को दुकानदारी की तरह चलाया जा रहा है। दुकानदारी शब्द पर भाजपा के पार्षदों ने हंगाम कर दिया।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। वीरवार को हुई नगर निगम सदन की बैठक में जमकर हंगामा हुआ। बैठक में कांग्रेस पार्षद दल के नेता देवेंद्र सिंह बबला ने कहा कि नगर निगम को 'दुकानदारी' की तरह चलाया जा रहा है। 'दुकानदारी' शब्द पर भाजपा के पार्षदों ने हंगाम कर दिया। उनकी मांग थी कि बबला इसके लिए माफी मांगें।इससे पहले नगर निगम कमिश्नर और पूर्व मेयर अरुण सूद आपस में उलझ गए।
इस दौरान भाजपा से बागी हुए पार्षद सतीश कैंथ ने भी बबला का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नगर निगम को एक्ट के अनुसार नहीं चलाया जा रहा है। बल्कि सत्तापक्ष और अधिकारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। इस मुद्दे पर सदन में काफी देर तक शोर शराबा होता रहा। कई पार्षद नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। बाद में मेयर राजेश कालिया ने कहा कि दुकानदारी शब्द को मिनट से हटा दिया जाएगा।